दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा में कंफ्यूज हुआ विदेशी मीडिया

3/7/2017 9:53:32 PM

मुंबई: सोचिए कैसा लगा होगा बॉलीवुड एक्ट्रैस दीपिका पादुकोण को जब विदेशी धरती पर मीडियाकर्मियों ने उन्हें स्तब्‍ध कर दिया। ये दोबारा ऐसा मौका था जब दीपिका के साथ ऐसा हुआ है। हुआ यूं की दीपिका जैसे ही एलए एयरपोर्ट पहुंची मीडियाकर्मी उनके पीछे प्रियंका-प्रियंका कहते हुए दौड़ने लगे।

हॉलीवुड स्टार विन डीजल की फिल्म xXx: द रिटर्न ऑफ द जेंडर केज से अपने हॉलीवुड करियर की शुरुआत करने वाली दीपिका पादुकोण एलेन डी जेनेरेस और जेम्स कॉर्डन के चैट शो का हिस्सा बन चुकी हैं। वह दुनिया के सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 10 फिल्म अभिनेत्रियों की सूची में शामिल हो चुकी हैं। उन्हें वैनिटी फेयर ने हॉलीवुड के उभरते सितारों में शामिल किया है। इसके बावजूद विदेशी मीडिया उन्हें पहचान पाने में असमर्थ है। इस बार लॉस एंजिलिस एयरपोर्ट पर फोटोग्राफरों ने उन्हें प्रियंका चोपड़ा समझ लिया और उन्हें प्रियंका कहकर ही संबोधित करने लगे। फोटोग्राफरों की इस गलती पर दीपिका मुस्कुराकर रह गईं और उन्हें कोई जवाब न देते हुए वहां से निकल गईं।

आपको बता दें इससे पहले xXx: द रिटर्न ऑफ द जेंडर केज के प्रमोशन के दौरान भी विदेशी मीडिया ने दीपिका को प्रियंका समझ लिया था। अमेरिकी टेलीविजन शो क्वांटिको के जरिए प्रियंका चोपड़ा अमेरिका में एक जाना पहचाना नाम बन चुकी हैं। प्रियंका चोपड़ा भी विदेशी मीडिया की इस तरह की गलती का शिकार हो चुकी हैं। अमेरिका के एबीसी चैनल के नाइट बुलेटिन में एक बार प्रियंका की जगह युक्ता मुखी की फोटो दिखाई गई थी। हैरान करने वाली बात यह है कि इसी नेटवर्क के एक चैनल में प्रियंका के शो क्वांटिको का प्रसारण होता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए


Recommended News

Related News