सितारवादक प्रतीक चौधरी का कोरोना के कारण निधन, पिछले हफ्ते पिता ने तोड़ा था दम

5/7/2021 4:06:57 PM

 मुंबई. कोरोना का कहर लगातार जारी है। इस खतरनाक बीमारी से अब तक लाखों लोग मर चुके हैं। कई स्टार्स भी इससे जिंदगी की जंग हार चुके हैं। अब सितारवादक प्रतीक चौधरी का कोरोना के कारण निधन हो गया है। बीते दिनों प्रतीक चौधरी के पिता संगीतकार पंडित देबू चौधरी का कोरोना के चलते निधन हो गया था। 

PunjabKesari
संगीत इतिहासकार पावज झा के अनुसार 49 वर्षीय प्रतीक चौधरी को दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था और गुरुवार को उन्होंने आखिरी सांस ली। पावज झा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इस बात की जानकारी दी है। पावज झा ने लिखा- प्रतीक चौधरी जाने माने संगीतकार देबू चौधरी के पुत्र और एक प्रतिभाशाली कलाकार थे। अब वह इस दुनिया में नहीं हैं। आईसीयू में जीवन-मृत्यु का संघर्ष लड़ते हुए अब वह परलोक में अपने पिता के पास चले गये हैं। प्रतीक की दिवंगत आत्मा को शांति मिले।
पावज झा ने आगे लिखा- उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा था। देबू जी के साथ वह भी जीटीबी में भर्ती थे। आखिरी बार जब उनसे मेरी बात हुई थी तब सोमवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने वाली थी। लेकिन पिता के निधन की खबर से वह बिल्कुल टूट गये थे। ये बहुत दुखद है। फैंस इस पोस्ट को खूब लाइक कर रहे हैं और प्रतीक की मौत के लिए दुख जाहिर कर रहे हैं।

PunjabKesari
बता दें प्रतीक चौधरी के पिता संगीतकार पंडित देबू चौधरी जाने-माने सितार वादक थे। पिछले सप्ताह शनिवार को कोरोना के कारण उनका निधन हुआ था। प्रतीक चौधरी संगीत के सेनिया घराना से थे। वह दिल्ली विश्वविद्यालय में संगीत विभाग, संगीत एवं ललित कला संकाय में प्रोफेसर थे। प्रतीक के परिवार में पत्नी रूना और बच्चे रायना और अधिराज हैं।

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Parminder Kaur


Recommended News

Related News