हफ्ते भर में अर्शी खान ने पार की सारी हदें,कंटेस्टेंट की बदतमीजी पर बरसे सलमान,कहा-मेरी मां पर कोई जाता तो.....
12/19/2020 12:11:55 PM
मुंबई: रियालिटी शो 'बिग बाॅस 14' में जबसे अर्शी खान की एंट्री हुई है तब से ही वह अपनी हदें पार कर रही हैं। हाल ही उन्होंने विकास गुप्ता के साथ हाथापाई की थी। अर्शी ने लड़ाई के दौरान विकास के पैरंट्स को लेकर कमेंट किया जिससे तंग आकर विकास ने उन्हें स्वीमिंग पूल में धक्का दे दिया था। अर्शी को स्वीमिंग पूल में धक्का देने के बाद विकास गुप्ता को घर से बेघर कर दिया था।
अर्शी खान नहीं रुकीं और रुबीना के पति अभिनव शुक्ला से भी कुछ ऐसा अश्लील कहा, जिसे म्यूट कर दिया गया। वहीं अब वीकेंड के बार में अर्शी को अपनी इन्हीं हरकतों का जवाब सलमान खान को देना होगा।
सलमान अर्शी की जमकर क्लास लगाने वाले हैं। हाल ही में इस दौरान एक प्रोमो सामने आया है। प्रोमो में सलमान अर्शी की बदतमीजी और सारी सीमाएं लांघने पर उन्हें लताड़ते नजर आ रहे हैं। वीडियो में सलमान कहते हैं-'अर्शी विकास की मां पर गई। अगर मेरी मां के ऊपर कोई जाता तो शायद मैं भी वही करता।'
सलमान की ये बात सुन अर्शी ऊंची आवाज में कहती हैं 'मैंने उनकी मां के लिए कोई गलत अल्फाज़ इस्तेमाल नहीं किए।' इसके बाद बीना बोलती हैं कि अर्शी ने उनके पति को कुछ अश्लील बोला और पूछा कि तुम में कभी प्यार जगता है?
हालांकि अर्शी ने अभिनव से क्या बोला, उसे प्रोमो में म्यूट कर दिया गया। रुबीना की बात सुन अर्शी भड़क जाती हैं और धमकाते हुए उंगली मुंह पर रखते हुए कहती हैं- 'चुप रहना रुबीना।' अर्शी की इन हरकतों के बाद सलमान का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच जाता है। वह अर्शी से कहते हैं- 'ये बदतमीजी से बात मेरे सामने करें ना। हमारे शो पर ना करें ये आप। आप कोई दूसरा शो ढूंढ लीजिए ये सब करने के लिए। किसी को भी यह हक नहीं है कि वह किसी की मां या बाप पर जाए।' यह सुनकर अर्शी खान यह कहते हुए उठकर चली जाती हैं कि वह शो छोड़ रही हैं।
दरवाजा खुलने के बाद भी घर से नहीं जाएंगी अर्शी
खबरों की मानें तो सलमान खान से बदतमीजी करने की वजह से बिग बॉस अर्शी खान के लिए घर के दरवाजे खोल देंगे। पहले तो अर्शी सलमान के सामने से उठकर चली जाएंगी। लेकिन जैसे ही घर के दरवाजें खुलेंगे वैसे ही अर्शी घर से बाहर जाने से इंकार कर देंगी।