खुशखबरी: सरोगेसी के जरिए मां बनीं अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा, पोस्ट शेयर कर दी जानकारी

1/22/2022 7:05:29 AM

मुंबईः बॉलीवुड में देसी गर्ल के नाम से मशहूर अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा मां बन गईं हैं। अभिनेत्री ने इस बारे में अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए जानकारी दी। अभिनेत्री सरोगेसी के जरिए मां बनी हैं। इस बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए उन्होंने सभी से अपनी निजता बनाए रखने की भी अपील की।
PunjabKesari
एक्ट्रेस ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर इस खुशखबरी को अपने फैंस के साथ साझा किया। कुछ देर पहले ही शेयर किए गए इस पोस्ट में एक्ट्रेस ने लिखा, ‘हमें यह बताते हुए बेहद खुशी है कि हमने सरोगेसी के जरिए अपने बच्चे का स्वागत किया है। अभिनेत्री ने आगे लिखा, ‘इस खास मौके पर हम सम्मान पूर्वक अपनी गोपनीयता की मांग करते हैं, क्योंकि इस समय हम अपना ध्यान अपने परिवार पर केंद्रित करना चाहते हैं। सभी का धन्यवाद।’

प्रियंका ने दिसंबर 2018 में हॉलीवुड सिंगर और एक्टर निक जोनस से शादी की थी। हाल में एक इंटरव्यू में प्रियंका ने फैमिली प्लानिंग पर अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था कि बच्‍चा उनके और निक के लिए भविष्य में जीवन का अहम ह‍िस्‍सा होगा। वे जब कभी परिवार आगे बढ़ाने के बारे में सोचेंगे तो जिंदगी को थोड़ा धीमे आगे बढ़ाने को तवज्जो देंगे। 

बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक जमाया सिक्का 
प्रियंका चोपड़ा बॉलीवुड की सबसे महंगी अभिनेत्रियों में शुमार रही हैं। वो एक वक्त में फिल्मों के लिए सबसे ज्यादा मेहनताना पाने वाली अभिनेत्री रह चुकी हैं। उन्हें अपनी शानदार एक्टिंग के लिए कई पुरस्कार भी मिले हैं, जिनमें दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और पांच फिल्मफेयर पुरस्कार शामिल हैं। 2016 में, भारत सरकार ने प्रियंका चोपड़ा को पद्म श्री से सम्मानित किया था और टाइम मैगजीन ने उन्हें दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में से एक माना था। फोर्ब्स ने भी उन्हें दुनिया की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की लिस्ट में जगह दी थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep


Recommended News

Related News