फिर विवादों में सपना चौधरी, भाभी को प्रताड़ित करने और दहेज में क्रेटा गाड़ी मांगने के आरोप में फैमिली समेत केस दर्ज
2/4/2023 10:20:05 AM

बॉलीवुड तड़का टीम. मशहूर हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी एक बार फिर विवादों में आ गईं हैं। सपना चौधरी, उनकी मां और भाई के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज हुआ है। तीनों पर मारपीट करने का भी आरोप लगा है। सपना और उनके परिवार के खिलाफ फरीदाबाद के पलवल महिला थाने में केस दर्ज किया गया है।
सपना चौधरी, उनके भाई कर्ण और मां के खिलाफ पलवल के महिला थाने में दहेज उत्पीड़न, मारपीट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मुकदमा सपना चौधरी की भाभी ने दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज में क्रेटा कार की मांग की गई थी, लेकिन जब क्रेटा कार नहीं दी गई तो पीड़िता का उत्पीड़न व मारपीट का सिलसिला शुरू हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सपना चौधरी की भाभी ने महिला थाने में दर्ज अपनी शिकायत में कहा कि साल 2018 में उसकी शादी नजफगढ़ दिल्ली के रहने वाले सपना के भाई कर्ण के साथ हुई थी, जिसमें शादी पर उनके परिवार ने 42 तोले सोना व दहेज का बाकी सामान भी दिया था। इसके अलावा उनसे शादी का आयोजन दिल्ली के होटल में करने के लिए कहा गया था, जिसका खर्च करीब 42 लाख था। साथ ही तीन लाख रुपये मिलनी में खर्च हुए थे।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और उसके साथ कई बार मारपीट की गई। जब पीड़िता की बेटी पैदा हुई तो उसके ससुराल वालों ने बेटी के छूछक में क्रेटा गाड़ी की मांग की। शिकायत के मुताबिक छूछक में पीड़िता के पिता ने 3 लाख नकद व सोना, चांदी व कपड़े दिए। क्रेटा गाड़ी नहीं मिलने पर वह उसे प्रताड़ित करने लगे। 26 मई 2020 को उसके पति ने शराब के नशे में उसके साथ मारपीट की और अप्राकृतिक यौन संबंध बनाए। शिकायत में कहा गया है कि करीब 6 महीने पहले वह अपने पिता के घर पलवल आ गई, जिसकी शिकायत उन्होंने महिला थाना पुलिस को दी। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति, कर्ण, ननद सपना चौधरी, माता नीलम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। डीएसपी सतेंदर पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।