बरेली के लोगों ने मनाया प्रियंका-निक की शादी का जश्न

12/2/2018 11:28:58 PM

बरेलीः देश-विदेश में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेर चुकी प्रियंका चोपड़ा के अमेरिकी गायक निक जोनस के साथ शादी के बंधन में बंधने की खुशी का जश्न इस अभिनेत्री के शहर बरेली में भी जमकर मनाया गया। हालांकि शादी के कार्ड का इंतजार कर रहे बरेली के लोगों को निराशा हाथ लगी, मगर उन्होंने शहर स्थित प्रियंका के पुराने घर को झिलमिल रोशनी से सजाकर और मिठाइयां बांटकर शादी की खुशियां मनायीं और अपनेपन का इजहार किया।     

बरेली रेलवे स्टेशन के पास स्थित प्रियंका के पुराने घर की देखभाल करने वाले पंडित परमेश्वर राय पांडे ने बताया कि ‘बिटिया‘ की शादी का न्यौता नहीं मिलने के बावजूद शहर के लोगों ने शनिवार रात प्रियंका की शादी पर उनके सूने घर को आबाद कर दिया। उन्होंने बताया कि लोगों ने घर पर रोशनी की झालरें लगायीं, आतिशबाजी की और डीजे की धुन पर थिरके। अब तक ना जाने कितने किंवटल मिठाई भी बांटी जा चुकी है। शहर में तमाम जगह प्रियंका-निक के पोस्टर भी लगाए गए हैं। 

उन्होंने बताया कि प्रियंका उन्हें अपना मामा मानती थीं। करीब डेढ़ महीने पहले फोन पर प्रियंका की मां मधु चोपड़ा से उनकी बात हुई थी। मगर बिटिया की शादी का बुलावा नहीं आया।    

गौरतलब है कि शनिवार को जोधपुर में अमेरिकी गायक निक जोनस के साथ शादी के बंधन में बंधी प्रियंका के पिता अशोक चोपड़ा और मां मधु की कर्मभूमि बरेली है। प्रियंका के विश्व सुंदरी का खिताब जीतने और फिर फिल्मी जगत में आने से पहले उनके माता-पिता बरेली के किला इलाके में:कस्तूरबा’ नाम से अपना अस्पताल संचालित करते थे। प्रियंका बरेली में ही पली-बढ़ीं हैं। उन्होंने बरेली के आर्मी स्कूल से अपनी शुरुआती शिक्षा ली है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pawan Insha


Recommended News

Related News