शाहरुख रहते भारत में हैं, मन उनका सदा पाकिस्तान में रहता है: कैलाश विजयवर्गीय

11/4/2015 8:34:24 AM

नई दिल्ली: देश में असहिष्णुता को लेकर चल रही बहस के बीच भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने फिल्म स्टार शाहरुख खान पर निशाना साधा है। विजयवर्गीय ने शाहरुख खान को देशद्रोही बताते हुए ट्वीट किया कि शाहरुख खान रहते तो भारत में हैं लेकिन उनका मन सदा पाकिस्तान में रहता है। उनकी फिल्मों यहां करोड़ो कमाती हैं पर उन्हें भारत असहिष्णु नजर आता है। यह देशद्रोह नहीं तो क्या?

उन्होंने मुंबई बम धमाकों का भी जिक्र किया और ट्वीट किया, ''जब 1993 में बॉम्बे में सैंकड़ों लोग मारे गए तब शाहरुख खान कहां थे? जब मुम्बई पर 26/11 को हमला हुआ तब शाहरुख कहां थे? आज सारी दुनिया भारत व उसके नेतृत्व का मान कर रही है, ऐसे में यहां असहिष्णुता बढ़ने की बात करना, दुनिया के समक्ष भारत को कमजोर करना होगा।

वहीं केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कैलाश विजयवर्गीय के बयान को खारिज करते हुए कहा कि मैं उनके बयान की निंदा करता हूं। आपको बता दें शाहरुख खान ने अपने जन्मदिन पर कहा था कि ‘देश तेजी से असहिष्णुता की ओर बढ़ रहा है। मैं सरकार द्वारा दिए गए पुरस्कार लौटाने वालों का सम्मान करता हूं, लेकिन मैं अपने पुरस्कार नहीं लौटाऊंगा।’’