2018 की वो 10 तस्वीरें, जो रहेंगी हमेशा याद

12/26/2018 1:50:04 PM

मुंबई: साल 2018 ने खुशियां भी दीं और गम भी दिए। एक ओर जहां हमने कुछ नए सितारों को पाया तो वहीं दूसरी ओर कुछ बड़े दिग्गज सितारों को खोया भी। कई नए सितारे पर्दे पर उतरे और कई पर्दे से दूर आसमां में जा सजे। बॉलीवुड के लिए पिछले साल की तरह साल 2018 भी शादियों का साल रहा। छोटे और बड़े पर्देे की मिलाकर कुल 28 शादियां इस साल हुईं, वहीं बीते साल यह आंकड़ा 29 का था। #Metoo बॉलीवुड में ऐसा तूफान लाया कि कई बड़ी हस्तियों की झूठी शान-ए-शौकत मिट्टी में मिल गई। यह तूफान देशभर में ऐसा फैला कि सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं कई पॉलिटीशियंस और ऑफिसर्स भी इसकी चपेट में आ गए। बीते पूरे साल के कुछ ऐसे ही खट्टे-मीठे पलों को हम तस्वीरों में समेट कर लाए हैं। आइए डालते हैं एक नजर...

 

पल खुशियों भरे 

 


सोनम की वैडिंग

 

बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनम कपूर और आनंद आहूजा की शादी सबसे चर्चित शादी रही। वह इसलिए क्योंकि एक सैलेब्रिटी की यह बहुत ही साधारण सी शादी थी, जो सोनम की आंटी के बांद्रा स्थित रॉकडेल बंगले में हुई थी। यह इकलौती ऐसी शादी थी, जिसकी तस्वीरें और वीडियोज खूब वायरल हुए। 

 

 


जब बाजी की हुई मस्तानी

साल की दूसरी सबसे बड़ी शादी थी रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की। इन दोनों ने भी एक-दूसरे को लंबे समय तक डेट किया और 14-15 नवंबर को दोनों शादी के बंधन में बंध गए। इनकी शादी कोंकणी और सिंधी रीति रिवाज से हुई।

 

 

जब देसी गर्ल बनी विदेशी


इस साल की रॉयल शादी प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की थी, जोकि जोधपुर के उम्मैद भवन में हुई। रॉयल इसलिए क्योंकि ऐसे ठाठ-बाट बॉलीवुड की किसी और शादी में नहीं देखे गए। प्रियंका और निक की शादी दो रीति-रिवाज से हुई, कैथोलिक और हिंदू रीति रिवाज। 

 

 

 

गम भरे पल 


बॉलीवुड के लिए इस साल की सबसे बुरी खबर श्रीदेवी की मौत की खबर थी। श्रीदेवी एक ऐसी एक्ट्रेस थीं, जिन्होंने अपनी जिंदगी के 50 साल इस इंडस्ट्री को दिए और 300 से ज्यादा फिल्में की। 24 फरवरी को दुबई में हुई श्रीदेवी की अचानक मौत ने सिनेमा जगत के साथ-साथ फैंस को भी गहरा सदमा दिया। श्रीदेवी की आखिरी फिल्म ‘जीरो’ थी, जो हाल ही में रिलीज हुई है। इसमें उन्होंने कैमियो किया है।

 


उम्मीद भरे पल


एक्ट्रेस सोनाली बेंद्रे को कैंसर हुआ, वह अपना इलाज करवाने के लिए विदेश गईं। सोशल मीडिया पर वह रैगुलर अपडेट रहीं। कैंसर के ट्रीटमैंट के चलते उन्हें अपने बाल कटवाने पड़े। भले ही कई औरतों को इस तस्वीर ने उदास किया लेकिन सोनाली की आंखों में हमेशा खुशी और उम्मीद दिखाई दी।

 


उदासी भरे पल

 

 


जेल हो जाती तो हजार करोड़ का नुकसान होता 


इसी साल अप्रैल महीने में जब काला हिरण शिकार मामले में सलमान खान को 5 साल की सजा सुनाई गई तो पूरा बॉलीवुड उदास हो गया। सबसे ज्यादा झटका प्रोड्यूसर्स को लगा क्योंकि सलमान के बहुत से प्रोजैक्ट्स साइन किए हुए थे।

 

 

प्रोड्यूसर, डायरेक्टर के साथ-साथ देशभर में भाई की रिहाई के लिए दुआओं का दौर शुरू हुआ। आखिर वह रिहा हुए, उनके स्वागत के लिए मुंबई स्थित उनके घर के बाहर हजारों की भीड़ जुटी थी। यह तस्वीरें उन दिनों खूब वायरल हुईं। अगर सलमान को जेल हो जाती तो 1000 करोड़ रुपए दाव पर लग जाते।

 

 


जब हर पल हुए बड़े खुलासे 


इस साल #Metoo ऐसा तूफान लाया कि बॉलीवुड के कई सैलेब्रिटीज के साथ-साथ पॉलिटीशियंस और कई ऑफिसर्स भी इसकी चपेट में आ गए। इस मूवमैंट का क्रैडिट तनुश्री दत्ता को गया, जिन्होंने एक इंटरव्यू में पूरे बॉलीवुड पर उंगली उठाई थी। 

 

 


45 की मलाइका 33 के अर्जुन, वाह! क्या बात है  

 

मलाइका अरोड़ा और अर्जुन कपूर एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं यह चर्चा लंबे समय से थी लेकिन इस तस्वीर के वायरल होते ही यह बात जग जाहिर हो गई। यह तस्वीर अर्जुन कपूर की चाची महीप कपूर के घर पर हुई एक पार्टी की है, जिसमें अर्जुन और मलाइका पहली बार एक-दूसरे के इतने करीब नजर आए थे। 

 


जब सबको हंसाने वाले खुद नजर आए उदास

 

कॉमेडियन कपिल शर्मा के लिए यह साल बेहद खराब रहा। कई कंट्रोवर्सी में वह उलझे। इस दौरान वह डिप्रैशन का भी शिकार हो गए, लेकिन साल के अंत तक धीरे-धीरे चीजें ठीक होने लगीं। अब वह शादी कर चुके हैं और अपने शो के साथ वापसी भी कर रहे हैं। लंबे समय गायब रहे कपिल की यह तस्वीर वायरल हुई थी।
 

Konika