''ऐसा फैनडम मत दिखाओ'' KGF स्टार यश ने की मृतक फैंस के परिवार से मुलाकात, बर्थडे पर एक्टर का पोस्टर लगाते हुए गई थी जान

1/9/2024 12:48:19 PM

मुंबई: एक्टर यश किसी पहचान के मुहताज नहीं है। वहीं केजीएफ चैप्टर 2 की सक्सेस के बाद से वह ना सिर्फ कन्नड़ इंडस्ट्री बल्कि पूरे इंडिया में जाने जाते हैं।उनके बर्थडे को फैंस त्योहार की तरह मनाते हैं। उनके बर्थडे पर जश्न मनाते हैं। 8 जनवरी को यश ने अपना 38वां जन्मदिन सेलिब्रेट किया। उनके बर्थडे पर फैंस हर बार की तरह बहुत एक्साइटेड थे हालांकि यश के बर्थडे पर एक दुखद घटना घट गई। यश के बर्थडे पर उनके तीन फैंस की डेथ हो गई और तीन घायल भी हो गए।

दरअसल, फैंस बिजली के खंभे पर चढ़कर यश का कटआउट लगा रहे थे। इस दौरान वह करंट की चपेट में आ गए और तीन की मौत हो गई। जब यश को उनके फैंस की डेथ के बारे में पता चला तो वो परेशान हो गए और उनके परिवार से मिलने के लिए कर्नाटक के हुबली चले गए। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फैंस के परिवार से मिलने के बाद यश ने मीडिया से बातचीत भी की।

उन्होंने कहा- 'इस तरह की दुखद घटनाएं मुझे अपने जन्मदिन से डरने पर मजबूर कर देती हैं। इस तरह से आप फैनडम मत दिखाओ। कृपया अपना प्यार इस तरह न दिखाएं। मैं आप सभी से निवेदन करना चाहता हूं। बैनर न लटकाएं, बाइक का पीछा न करें और खतरनाक सेल्फी न लें।मैं चाहता हूं कि मेरी ऑडियन्स और मेरे फैंस जिंदगी में मेरी तरह आगे बढ़ें।'

अपनी बात जारी रखते हुए यश ने कहा-'इस साल, मैं अपना बर्थडे इसलिए नहीं मना रहा हूं क्योंकि कोविड के केस बढ़ रहे हैं।मेरी तरफ से किसी को कोई तकलीफ नहीं होनी चाहिए इसलिए मैंने इसे सिंपल और अपने परिवार के साथ सेलिब्रेट करने का फैसला लिया।'

काम की बात करें तो यश को आखिरी बार सुपरहिट फिल्म KGF 2 में देखा गया था। चैप्टर 2 की रिलीज के बाद से ही फैंस को तीसरे पार्ट का बेसब्री से इंतजार है। फिल्म के दोनों पार्ट पैन-इंडिया ब्लॉकबस्टर साबित हुए थे।  

 

 

 

 

 

 

 

Content Writer

Smita Sharma