KGF स्टार यश की एक झलक पाने के चक्कर में फैन ने गंवाई जान,एक्टर की गाड़ी का पीछा करते हुए एक्सीडेंट में हुई मौत

1/12/2024 12:00:40 PM

मुंबई: KGF स्टार यश  ना सिर्फ कन्नड़ इंडस्ट्री बल्कि पूरे इंडिया में जाने जाते हैं। दुनिया भर में उनके फैंस हैं। फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब रहते हैं लेकिन अब उनका क्रेज फैंस की जान पर भारी पड़ रहा है। बीते दिनों  यश के बर्थडे पर बैनर लगाते वक्त तीन फैंस की करंट लगने से मौत हो गई थी और अब एक और फैन भी जान से हाथ धो बैठा।यह फैन हाल ही यश के काफिले का बाइक से पीछा कर रहा था और इसी दौरान काफिले से टकरा गया था। इस टक्कर में यश का यह फैन बुरी तरह घायल हो गया था जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया था लेकिन उस फैन की अब मौत हो गई है।

 

 

यह घटना सोमवार 8 जनवरी की देर रात गडग के पास मुलगुंड नाका पर हुई। वहां Yash के काफिले का पीछा करते समय 22 साल के निखिल गौड़ा की बाइक पुलिस की गाड़ी से टकरा गई।

 

रिपोर्ट के मुताबित, एक सीनियर पुलिस अफसर ने बताया कि यश का काफिला गडग से हुबली एयरपोर्ट की ओर जा रहा था। उस वक्त यश अपने उन तीन फैंस के परिवार से मिलकर लौट रहे थे जिनकी मौत एक्टर के बर्थडे के बैनर लगाते हुए हो गई थी। पुलिस ने बताया कि निखिल एक्टर यश की एक झलक पाने को उनके काफिले का पीछा कर रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक की पुलिस की गाड़ी के साथ आमने-सामने से टक्कर हो गई। यश के इस फैन को तुरंत ही वहीं के नजदीकी प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया पर मंगलवार 9 जनवरी की सुबह उसने अंतिम सांस ली। 

 

प्रोफेशनल फ्रंट की बात करें तो यश जल्द ही फिल्म 'टॉक्सिक' में नजर आएंगे। यह 10 अप्रैल 2025 में रिलीज होगी।

Content Writer

Smita Sharma