दिलीप कुमार के दामाद आर्या पर लगा 70 लाख की ठगी का आरोप, पीड़िता बोलीं-प्यार का झांसा देकर ठगे पैसे

8/13/2021 3:02:09 PM

मुंबई: दिवंगत एक्टर दिलीप कुमार के दामाद और तमिल एक्टर आर्या को लेकर एक बड़ी खबर ने हलचल मचा रखी है। जानकारी के मुताबिक श्रीलंका की एक महिला ने एक्टर पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।  आर्या पर 70 लाख 40 हजार रुपए की ठगी का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं  महिला ने ये भी शिकायत दर्ज कराई है एक्टर ने उससे शादी करने का वादा किया था लेकिन अब वो मुकर गए।

महिला ने बताया है कि आर्या ने ये बड़ी रकम उनसे लॉकडाउन के दौरान ली थी क्योंकि तब एक्टर आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। महिला के अनुसार जब एक्टर उससे मिले तो उसके साथ प्यार का झांसा देकर उन्होंने पैसे ठगे लेकिन न ही आर्या ने उससे शादी की और न पैसे वापस किए और जब उस महिला ने कहा कि उसके पैसे वापस किए जाएं तो एक्टर ने उसे धमकी और गालियां दीं। ऐसे में महिला को कोर्ट का सहारा लेना पड़ा।

3 घंटे तक हुई पूछताछ 

कहा जा रहा कि आर्या को साइबर क्राइम विंग के सामने पेश किया गया जहां उनसे पूछताछ की गई है। ये प्रक्रिया तकरीबन 3 घंटे तक चली।एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि उन्होंने मामला दर्ज नहीं किया है यह महिला की शिकायत के आधार पर उसका बयान दर्ज करने के लिए एक औपचारिक जांच है जिसमें अभी तक फिलहाल एक्टर के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं।

बता दें कि आर्या ने 10 मार्च 2019 में दिवंगत एक्टर दिलीप कुमार की नातिन सायशा सहगल के साथ शादी की थी।ये शादी बड़े ही धूमधाम के साथ हुई थी।  आर्या अपनी पत्नी सायशा से उम्र में 17 साल बड़े हैं। हाल ही में इस कपल के घर नन्हीं परी की किलकारी गूंजी है। 
 

Content Writer

Smita Sharma