सुभाष घई भी आए #MeToo के लपेटे में, महिला ने लगाया यौन शोषण का आरोप

10/12/2018 10:58:15 AM

मुंबई: बॉलीवुड इंडस्ट्री में मीटू मूवमेंट के तहत कई बड़ी हस्तियों के नाम सामने आए है। अब इस कड़ी में एक और जानामाना नाम जुड़ गया है। वो नाम है सुभाष घई। हाल ही में सुभाष घई पर भी एक अज्ञात महिला ने बलात्कार के आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि घई ने उसके ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया और उसका यौन उत्पीड़न किया।

 


महिला द्वारा लगाए गए इन आरोपों पर सुभाष घई की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। सुभाष ने इस आरोप को लेकर बेहद कड़े शब्दों में अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहनाहै कि ‘‘यह दुखद है कि किसी भी प्रसिद्ध आदमी की छवि खराब करने का प्रचलन हो गया है। विगत की कुछ कहानियों को बिना किसी सच्चाई के पेश किया जा रहा है। मैं इस तरह के सभी झूठे आरोपों का कड़ाई से खंडन करता हूं। अगर वह ऐसा दावा करती है तो उसे अदालत में जाकर साबित करना चाहिए। या तो न्याय होगा या निश्चित तौर पर मैं मानहानि का मुकदमा दायर करूंगा।’’


महिला ने लगाए थे आरोप


लेखिका महिमा कुकरेजा ने ट्विटर पर अज्ञात अकाउंट साझा किया जो पिछले महीने कॉमेडियन उत्सव चक्रवर्ती पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली प्रथम महिलाओं में से एक है। कुकरेजा ने कहा कि महिला ‘‘काफी विश्वसनीय मीडिया हस्ती है जो अपना नाम उजागर नहीं करना चाहती।’’ महिला ने कहा कि वर्षों पहले उसने घई के साथ एक फिल्म में काम किया और वह उसमें कुछ ज्यादा ही रूचि लेने लगे और स्क्रिप्ट सेशन में वह अक्सर उसे अपने अपार्टमेंट में बुलाते। उसने दावा किया कि एक बार उन्होंने जबरन उसे चूम लिया लेकिन अगले दिन यह कहकर उसे शांत कराने का प्रयास किया कि यह घटना ‘‘प्रेमियों की लड़ाई’’ है। उसने आरोप लगाए कि देर रात तक चले संगीत सेशन में उन्होंने शराब पी और उसे भी शराब की पेशकश की 'जिसमें नशीला पदार्थ' मिलाया हुआ था। महिला ने कहा कि फिर से होटल के कमरे में ले जाया गया, जहां बेहोशी की हालत में उसका यौन शोषण किया गया।

Konika