विकीपीडिया ने 'द कश्मीर फाइल्स' को बताया 'गलत और काल्पनिक', भड़के विवेक अग्निहोत्री बोले- 'आप अपनी धर्मनिरपेक्ष पहचान खोते जा रहे'

5/2/2022 10:54:27 AM

मुंबई. डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' 11 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म को लोगों ने खूब प्यार दिया। फिल्म में कश्मीरी पंडितों की कहानी को दिखाया गया। फिल्म पर मुस्लिम विरोधी होने, एक खास राजनीतिक विचारधारा वाली और गलत तथ्यों को पेश करने के आरोप भी लगे। अब विकीपीडिया के पेज पर भी फिल्म के बारे में कुछ ऐसा ही दिया गया है, जिसे देखकर विवेक अग्निहोत्री भड़क गए हैं।


विकीपीडिया पर फिल्म के बारे में लिखा है- 'द कश्मीर फाइल्स साल 2022 की एक भारतीय हिंदी भाषा की ड्रामा फिल्म है जिसे विवेक अग्निहोत्री ने लिखा और डायरेक्ट किया है। फिल्म में कश्मीर के विवादित इलाके से कश्मीरी हिंदुओं के विस्थापन की काल्पनिक कहानी दिखाई गई है। फिल्म में 1990 के शुरू में हुए विस्थापन को सामूहिक नरसंहार दिखाया है जिसके बारे में ज्यादातर ऐसा सोचा जाता है कि यह गलत है और षडयंत्र पर बनी थियरीज पर आधारित है।' विवेक ने इस समरी को शेयर कर नाराजगी जताते हुए लिखा- 'प्रिय विकीपीडिया, आप इसमें इस्लामोफोबिया, प्रोपेगैंडा, संघी और कट्टर जैसे शब्द जोड़ना भूल गए हैं। आप अपनी धर्मनिरपेक्ष पहचान खोते जा रहे हैं। जल्दी इसे और एडिट करें।' विवेक का ये ट्वीट खूब वायरल हो रहा है।


बता दें फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' में अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती, दर्शन कुमार और पल्लवी जोशी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई। सभी के काम को खूब पसंद किया गया। 'द कश्मीर फाइल्स' की सफलता के बाद विवेक अग्निहोत्री ने दिल्ली की घटनाओं पर फिल्म 'द दिल्ली फाइल्स' बनाने का ऐलान किया है। कहा जा रहा है यह फिल्म दिल्ली में 1984 में हुए सिख विरोधी दंगों पर आधारित होगी। विवेक ने फिल्म के विषय के बारे में कुछ भी नहीं बताया है। हालांकि कुछ सिख संगठनों ने इस पर आपत्ति दर्ज की है।

Content Writer

Parminder Kaur