नितिन देसाई सुसाइड मामले में पुलिस ने 5 लोगों खिलाफ दर्ज की FIR, दिवंगत की पत्नी ने की थी शिकायत

8/5/2023 11:46:51 AM

बॉलीवुड तड़का टीम. मशहूर आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई ने बीते 2 अगस्त को अपने स्टूडियो में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उनकी मौत के बाद पुलिस इस मामले में अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। नितिन के ऑडियो रिकॉर्डर से कई क्लिप मिले हैं जिसकी जांच चल रही है। यह भी सामने आया कि डायरेक्टर 250 करोड़ के कर्ज में डूबे थे, जिसे वो चुका पाने में असमर्थ थे। वहीं अब खबर सामने आ रही है कि नितिन देसाई आत्महत्या मामले में 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। डायरेक्टर की पत्नी नेहा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

 

नितिन देसाई की पत्नी नेहा देसाई ने 5 लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया है कि नेहा की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया है कि ईसीएल फाइनेंस कंपनी और एडलवाइज ग्रुप के अधिकारियों द्वारा लोन की वसूली को लेकर दबाव के चलते नितिन देसाई ने आत्महत्या की है। दिवंगत  की पत्नी की शिकायत के बाद पुलिस ने ईसीएल फाइनेंस कंपनी और एडलवाइज ग्रुप के अधिकारियों सहित पांच लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 और धारा 34 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

 

बता दें, नितिन देसाई का अंतिम संस्कार शुक्रवार शाम उनके एनडी स्टूडियो में किया गया।


58 साल के नितिन देसाई की आखिरी इच्छा थी कि उनका अंतिम संस्कार उनके एनडी स्टूडियो में ही किया जाए। ऐसे में उनकी यह इच्छा पूरी की गई।

Content Writer

suman prajapati