किस्साः बीमार बच्चे को लेकर अरुण गोविल के पैरों में गिरी महिला, श्रीराम समझ बचाने की लगाई गुहार तो एक्टर ने किया था ये काम

6/23/2023 5:35:10 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. मशहूर एक्टर अरुण गोविल ने टीवी सीरियल रामायण में भगवान राम का किरदार निभाकर लोगों के दिल में ऐसी छाप छोड़ी कि लोग आज भी उन्हें भगवान की तरह मानते हैं। धारावाहिक की शूटिंग के समय जब भी अरुण कहीं स्पॉट होते तो लोग एक्टर को देख उन्हें पूजने लगते और उनसे आशीर्वाद मांगने लगते। इसी बीच अब हाल ही में एक्टर ने अपने साथ हुआ दशकों पुराना एक वाक्य शेयर किया है।

 


हाल ही में एक इंटरव्यू में अरुण गोविल ने बताया कि वो सेट पर राम के गेटअप में बैठे थे, तभी एक महिला रोते हुए अपने बीमार बच्चे को लेकर आई। बच्चा काफी ज्यादा बीमार था। वो सेट पर आकर लोगों से भगवान राम का दर्शन करने की बात करने लगी। वहां मौजूद लोगों ने उस महिला को मेरे पास भेज दिया। नजदीक आते ही उसने अपने बच्चे को मेरे पैरों पर रख दिया। उसने रोते हुए कहा कि उसका बच्चा मरने वाला है, कृपया इसे बचा लीजिए।


उसने मेरा हाथ पकड़ा और बच्चे के सिर पर रख दिया। मैंने उस महिला को तुरंत हॉस्पिटल ले जाने के लिए कहा। हालांकि मैंने मन ही मन उस बच्चे के स्वस्थ होने की प्रार्थना जरूर की।


अरुण ने बताया कि तीन दिन बाद वही महिला दोबारा सेट पर आई और इस बार उसका बच्चा ठीक लग रहा था। जो बच्चा तीन दिन पहले तक जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा था, वो अपनी मां के बगल में हाथ पकड़ कर चल रहा था।


एक्टर ने कहा, मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं था, लेकिन ये सब उस महिला और मेरी भगवान राम में आस्था के कारण संभव हुआ।

इस पुराने वाक्य के साथ अरुण गोविल ने समझाया कि रामायण या इससे जुड़े पात्र कभी भी एक मजाक का विषय नहीं हो सकते। लोगों की भावनाएं इनसे जुड़ी हैं।
 

Content Writer

suman prajapati