साल पहले सिंगर लता जी ने धोनी से की थी रिक्वेस्ट,कहा था- ''देश को आपके खेल की जरूरत, रिटायरमेंट का विचार भी मत लाइए ''

8/16/2020 11:19:32 AM

मुंबई: अपनी शानदार कप्तानी और ‘फिनिशिंग’ के हुनर से महान क्रिकेटरों में शुमार और दो बार के विश्व कप विजेता भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। अब माही मैदान पर टीम इंडिया की ब्लू ब्रिगेड का हिस्सा नहीं हाेंगे। क्रिकेट के हर फैन को धोनी के रिटायरमेंट की खबर ने दुखी कर दिया।

इन सबके बीच क्रिकेट की बड़ी फैन रहीं दिग्गज सिंगर मंगेशकर के रिएक्शन का हर किसी को इंतजार है क्योंकि ठीक साल भर पहले लताजी ने धोनी से रिटायरमेंट न लेने की अपील की थी।

11 जुलाई 2019 को किए इस ट्वीट में लता जी ने लिखा था- 'नमस्कार, एमएस धोनी जी। आजकल मैं सुन रही हूं कि आप रिटायर होना चाहते हैं। कृपया ऐसा मत सोचिए। देश को आपके खेल की जरूरत है और ये मेरी भी रिक्वेस्ट है कि रिटायरमेंट का विचार भी आप मन में मत लाईए।।' उस वक्त लताजी की यह रिक्वेस्ट धोनी तक पहुंच गई थी और उन्होंने संन्यास का ऐलान नहीं किया था। दरअसल, 2019 के वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड से मिली हार के बाद से ही धोनी के संन्यास की खबरें आ रही थीं। जिस पर लताजी ने यह रिएक्शन दिया था।

बता दें कि पिछले 6 महीनों से भारतीय क्रिकेट टीम का कोई भी मैच नहीं हुआ है और धोनी की टीम इंडिया में वापसी को लेकर भी कई बार बहस होती रही है। ऐसे में उन्होंने रिटायरमेंट का फैसला लेकर फिर हैरान कर दिया।

Smita Sharma