अफगानिस्तान में जन्मीं एक्ट्रेस वरिना हुसैन का छलका दर्द, बोलीं ''तालिबानियों के आने से महिलाओं को जो अधिकार मिले...''

8/24/2021 12:35:35 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद वहां के हालात काफी बदतर हो गए हैं। महिलायों की आजादी पर पूरी पाबंदी लगाई जा रही है। तालिबानियों की दहशत से स्थानीय लोग अपना देश छोड़ने पर मजबूर हो गए। इस खौफनाक मंजर पर पूरी दुनिया अपनी चिंता व्यक्त कर रही है। इसी बीच अफगानिस्तान जन्मीं बॉलीवुड एक्ट्रेस वरिना हुसैन ने भी अपनी चिंता जाहिर की है और वहां के लोगों के लिए न्याय मांगा है।

 


दरअसल, एक्ट्रेस वरीना हुसैन का जन्म अफगानिस्तान में हुआ है। 20 साल पहले जब अफगानिस्तान के हालात बिगड़े थे, तब उनके परिवार ने देश छोड़ दिया था और उज्बेकिस्तान चला गया था। वरीना हुसैन को भारत आए 10 साल हो चुके हैं। अब अफगानिस्तान में तालिबानियों के आतंक को लेकर एक्ट्रेस वहां के लोगों के लिए बेहद चिंतित हैं।

 


इसे लेकर वरीना ने एक इंटरव्यू में कहा कि तालिबान के कब्जे के बाद वह वहां के हालात समझ सकती हैं कि क्यों लोग काबुल छोड़ना चाह रहे हैं। वरीना ने बताया कि मेरी जिंदगी भी उनकी तरह है जो युद्धग्रस्त देश से पलायन के परिणामों से जूझ रहे हैं। एक बेहतर जिंदगी की तलाश में मेरा परिवार एक देश से दूसरे देश को खोजने लगा। आखिरकार हम भारत पहुंचे, एक उदार और प्यार करने वाला देश, जिसने हमारा स्वागत किया और हमने इसे अपना घर बना लिया। अस्तित्व के लिए लड़ने वाले लोगों की तरह मैंने भी कम उम्र में ही काम करना शुरू कर दिया था। मुझे नहीं पता था कि मैं एक दिन बॉलीवुड एक्ट्रेस बन जाऊंगी। कई सालों के संघर्ष के बाद सलमान सर ने मुझे लॉन्च किया और अपनी फिल्म ‘लवयात्री’ में काम करने का मौका दिया।

 

 


तालिबानी कब्जे पर अपना दर्द बयां करते हुए एक्ट्रेस ने कहा- मैं अफगानिस्तान में रही हूं जहां परिवार के साथ पिकनिक एंजॉय किया है और आजादी की खुशबू थी। हालांकि तब भी तालिबान के प्रभाव की वजह से वहां बहुत नियम थे। जैसे एक लड़की रात में अकेले बाहर नहीं जा सकती थी। कई बार हम अपनी मां की दवा लेने के लिए रात में अकेले नहीं निकल पाते थे। यह कई वर्षों के युद्ध का नतीजा था। 

 

वरीना ने कहा कि अगर हम वाकई एक शांतिपूर्ण अफगानिस्तान चाहते हैं तो हमें अपनी दादी और उनके पूर्वजों के दौर मे जाना होगा, जब काबुल अपने फैशन, कला, संस्कृति, पर्यटन, व्यापार और स्वतंत्रता के लिए जाना जाता था। इतने सालों में जो प्रगति हुई है महिलाओं को जो अधिकार मिले हैं वह खत्म हो जाएंगे।

अफगानिस्तान में महिलाओं की हालत पर वरीना ने कहा- मुझे डर है कि इतने सालों में जो प्रगति हुई है वह गायब हो जाएगी। सालों की लड़ाई के बाद महिलाओं को जो अधिकार मिले हैं वह खत्म हो जाएंगे और वह एक बार फिर से दूसरे दर्जे की नागरिक के रूप में हो जाएंगी।
काम की बात करें तो वरीना ने फिल्म लव यात्री से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में उनके साथ सलमान के जीजा आयुष शर्मा लीड रोल में नजर आए थे। इसके बाद वह दबंग 3 में सलमान के साथ मुन्ना बदनाम गाने में नजर आईं।
 

Content Writer

suman prajapati