विवादित मीम पर विवेक ओबेरॉय ने मांगी माफी, डिलीट किए ट्वीट

5/21/2019 10:53:11 AM

मुंबई: लोकसभा चुनाव 2019 की वोटिंग के बाद अब सबकी निगाहें 23 मई को होने वाली काउंटिंग पर टिकी हैं। इसी बीच बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबराॅय ने Exit Poll को लेकर एक विवादित मीम शेयर कर दिया था। दरअसल, ये ट्वीट विवेक ने ऐश्वर्या राय बच्चन पर किया था, जिसके बाद से ही उन्हें कई बॉलीवुड स्टार्स ने फटकार लगाई। मगर मंगलवार सुबह उन्होंने माफी मांग ली है।

 

 

 

 

इसके साथ ही उन्‍होंने जो मीम शेयर किया था, उसे भी डिलीट कर दिया। विवेक ने एकसाथ दो ट्वीट किए। पहले ट्वीट में उन्‍होंने लिखा, 'कभी-कभी किसी को पहली बार में जो मजेदार और हानिरहित लगता है, वैसा दूसरों को शायद नहीं लगता। मैंने पिछले 10 साल, 2000 से ज्‍यादा असहाय लड़कियों के सशक्तिकरण में बिताए हैं। मैं कभी किसी महिला के अपमान के बारे में सोच भी नहीं सकता।' वहीं, दूसरे ट्वीट में उन्‍होंने लिखा, 'अगर मीम पर मेरे रिप्‍लाई से एक भी महिला आहत हुई है तो इसमें सुधार की जरूरत है। माफी मांगता हूं। ट्वीट डिलीट कर दिया है।' 

 

 

 


जानें पूरा मामला

जानकारी के लिए बता दें कि बीते दिन विवेक ने तीन तस्वीरों वाला एक मीम अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया था। मीम तीन हिस्सों- ऑपिनियन पोल, एग्जिट पोल और रिजल्ट (नतीजे) में बंटा था। ऑपिनियन पोल में ऐश्वर्या सलमान के साथ नजर आ रही थीं, एग्जिट पोल में विवेक ओबेरॉय के साथ और नतीजों में वह अभिषेक बच्चन और आराध्या के साथ नजर आ रही थीं। ऐश्वर्या और उनकी बेटी को मीम में इस तरह से प्रदर्शित करने को लेकर ओबेरॉय न सिर्फ सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए बल्कि राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी संज्ञान लेते हुए महिला और बच्ची का अपमान मानते हुए नोटिस भेज दिया। हालांकि अब विवेक ने ये ट्वीट डिलीट कर दिया है। 


 

Konika