Women''s Day: लाडली को बाहों में लिए मुस्कुराती दिखीं अनुष्का, विराट बोले-''मां जैसी बनेगी बेटी''

3/8/2021 1:13:47 PM

मुंबई: 8 मार्च को पूरे देश में इंटरनेशनल वुमन्स डे सेलिब्रेट किया जा रहा है। इस खास दिन को दुनियाभर की महिलाओं के नाम किया गया है। इस दिन सभी अपनी जिंदगी से जुड़ी प्रेरणादायक महिलाओं को अपने तरीके से शुक्रिया कहते और सेलिब्रेट करते हैं। बी-टाउन में भी स्टार्स ने इस खास दिन को अपनी लाइफ से जुड़ी महिलाओं को समर्पित किया।

बाॅलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा के पति और इंडियन क्रिकेट टीम के कप्तान  विराट कोहली ने भी इंटरनेशनल महिला दिवस के मौके पर पत्नी और बेटी वामिका की एक बेहद ही प्यारी तस्वीर शेयर की।

 

तस्वीर में अनुष्का लाडली को बाहों में लिए हंसती नजर आ रही हैं। तस्वीर के साथ विराट ने कैप्शन में लिखा-'बच्चे को जन्म देते देखना आसान बात नहीं है। यह किसी के लिए अविश्वसनीय और आश्चर्यजनक एक्सपीरियंस हो सकता है। जब आप इसे देखते हैं तो आप महिलाओं की असली ताकत और दिव्यता को समझते हैं और आप यह समझ पाते हैं कि भगवान ने उनके अंदर जीवन क्यों बनाया है।

विराट ने आगे लिखा-ऐसा इसलिए है क्योंकि वे हम लोगों की तुलना में अधिक मजबूत हैं। मेरी ज़िंदगी की सबसे मज़बूत और सॉफ्ट दिल वाली महिला को महिला दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। साथ ही उसे भी बधाई जो अपनी मां की तरह ही बनने वाली है। और दुनिया की सभी अद्भुत महिलाओं को भी महिला दिवस मुबारक हो।' बता दें कि अनुष्का ने 11 जनवरी को बेटी को जन्म दिया था। बेटी के जन्म के बाद अनुष्का अपनी मदरहुड लाइफ को एंजाॅय कर रही हैं। 

Content Writer

Smita Sharma