भाई मुस्लिम..पिता क्रिश्चन और मां हैं सिख...विक्रांत मैसी के घर में हैं सभी धर्मों के लोग

2/20/2024 5:42:18 PM

मुंबई: '12वीं फेल' के बाद बॉलीवुड एक्टर विक्रांत मैसी की पाॅपुलैरिटी काफी बढ़ गई है।  हर तरफ उन्हीं के नाम का डंका बज रहा है। विक्रांत के पास फिल्म के ऑफर्स की भी लाइन लग गई है। इसी बीच विक्रांत मैसी ने धर्म को लेकर एक बड़ा बयान दिया। विक्रांत मैसी ने बताया कि वह एक ऐसे परिवार से हैं, जहां धर्म, जात-पात को भाव नहीं दिया जाता। उनके परिवार में अलग-अलग धर्मों को मानने वाले लोग रहते हैं। इतना ही नहीं उनके भाई ने 17 साल की उम्र में इस्लाम कबूल कर लिया था। अब उसका नाम मोइन है। 


विक्रांत मैसी ने कहा- 'मेरे भाई का नाम मोइन है और मेरा नाम विक्रांत है। आपको आश्चर्य होगा कि मोइन नाम क्यों? उसने इस्लाम अपना लिया, मेरे परिवार ने उसे अपना धर्म बदलने दिया। उन्होंने कहा कि बेटा अगर तुम्हें इसमें संतुष्टि मिलती है तो आगे बढ़ो।

उसने 17 साल की उम्र में धर्म परिवर्तन किया यह एक बड़ा कदम है। मेरी मां सिख हैं। मेरे पिता ईसाई हैं और चर्च जाते हैं। वह हफ्ते में दो बार चर्च जाते हैं। मैंने छोटी उम्र से ही धर्म और आध्यात्म को लेकर काफी तर्क सुने और बहस देखी है।'

विक्रांत मैसी ने बताया कि जब बड़े भाई ने धर्म परिवर्तन कर इस्लाम कबूल किया, तो रिश्तेदारों ने उनके पिता पर सवाल उठाए। विक्रांत मैसी ने बताया- 'मेरे करीबी रिश्तेदारों ने मेरे पिता से सवाल किया कि तुम इसकी (भाई के धर्म परिवर्तन की) अनुमति कैसे दे सकते हो। उन्होंने कहा कि यह उनका काम नहीं है। वो मेरा बेटा है। वो सिर्फ मेरे प्रति जवाबदेह है और उसे यह चुनने का पूरा अधिकार है कि वह क्या चाहता है। यह देखने के बाद, मैं अपनी खोज में लग गया और सोचने लगा कि आखिर धर्म क्या है? यह इंसान की बनाई हुई चीज है।'

विक्रांत मैसी के पिता का नाम जॉली और मां का नाम मीना मैसी है। विक्रांत ने 2022 में शीतल ठाकुर से शादी की। हाल ही वो एक बेटे के पैरेंट्स बने हैं।  वर्कफ्रंट की बात करें तो विक्रांत मैसी जल्द ही एकता कपूर की फिल्म 'द साबरमती रिपोर्ट' में नजर आएंगे। 


 

 

 

 

 

 

 

Content Writer

Smita Sharma