फ्लाइट में एक्ट्रेस के साथ छेड़छाड़ पर विकास सचदेवा को मुंबई कोर्ट ने सुनाई 3 साल की सजा

1/15/2020 4:27:07 PM

बॉलीवुड तड़का डेस्क। Ex बॉलीवुड एक्ट्रेस को फ्लाइट में छेड़ने पर विकास सचदेवा नाम के शख्स को मुंबई की डिंडोशी कोर्ट ने बुधवार को तीन साल की सजा सुना दी। कोर्ट ने विकास को पॉस्को (यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण) एक्ट की धारा 8 और 354 के तहत सजा सुनाई। एक्ट्रेस 10 दिसंबर 2017 को विस्तारा एयरलाइंस से दिल्ली से मुंबई जा रही थीं। इस दौरान विकास सचदेवा ने फ्लाइट में जायरा से छेड़छाड़ की थी।


स्पेशल जज ए डी देव ने 2017 के इस मामले में यह फैसला सुनाया। विकास के लिए कम सजा की मांग करते हुए उनके वकील अदनान शेख ने तर्क दिया कि आरोपी अपने परिवार में एकमात्र कमाने वाले हैं। इस मामले में महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग को भी शामिल होना पड़ा। शिकायतकर्ता नाबालिग था, इसलिए आरोपी पर यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉस्को) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

हालांकि, गवाहों के संबंध में इस मामले में एक मोड़ आया है। रिपोर्ट में लिखा है - 'एक यात्री और दो केबिन क्रू ने कहा कि आरोपी पूरी उड़ान के दौरान सो रहा था'। इसके बाद, विकास की पत्नी, दिव्या सचदेवा ने भी यह कहा था कि उनके पति ने बॉलीवुड स्टार से माफी मांगी थी क्योंकि उन्होंने गलती से उन्हें छुआ था और उन्होंने 'इट्स ओके' भी कहा था। पत्नी ने यह भी खुलासा किया कि उनके पति 'दिमागी रूप से थके हुए थे, क्योंकि वह एक अंतिम संस्कार से लौट रहे थे।'

Edited By

Akash sikarwar