हरियाणा की दिहाड़ी मजदूर वर्षा ने जीती DID सुपर मॉम की ट्रॉफी, बोलीं- अगर अंदर जुनून है तो परिस्थिति कुछ मायने नहीं रखती

9/26/2022 12:31:12 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. 25 सितंबर को टीवी रियलिटी शो DID सुपर मॉम्स सीजन 3 का भी फिनाले था, जिसमें वर्षा बुमरा ने शो की ट्रॉफी अपने नाम की। ट्रॉफी के अलावा वर्षा को 5 लाख रुपए प्राइज मनी भी इनाम में मिली। इसके साथ ही स्पॉन्सर्स की तरफ उन्हें 2.5 लाख का चेक भी मिला। DID सुपर मॉम्स की ट्रॉफी जीतक वर्षा की खुशी सातवें आसमान पर है और उन्होंने हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि इस प्राइज मनी को वो कैसे इस्तेमाल करेंगी। 

बता दें, शो में आने से पहले वर्षा अपने पति के साथ कंस्ट्रक्शन साइट्स पर दिहाड़ी मजदूरी करती थीं। अब यह शो की ट्रॉफी जीतने के बाद उन्होंने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, 'मैं बहुत खुश हूं। मैंने लाइफ में ऐसा नहीं सोचा था कि मैं कभी इतना आगे बढ़ सकती हूं और कभी कुछ हासिल कर सकती हूं। मैं लोगों से यही कहना चाहूंगी, सपने देखने की कोई उम्र नहीं होती है। अगर आपके अंदर जुनून है, तो परिस्थिती और स्थिति कुछ भी मायने नहीं रखती हैं। मेरी जीत से मेरे पति और बेटा दोनों ही बहुत खुश हैं। मैं जीती हुई राशी से सबसे पहले अपने कर्ज चुकाऊंगी। मुंबई ऑडिशन में आने के लिए हम दोनों ने कर्ज लिया था। हमारे पास इतने भी पैसे नहीं थे कि हम मुंबई आ सके। इसके अलावा अपने बेटे की पढ़ाई पर लगाने वाली हूं।


वर्षा ने आगे कहा, 'अब मैं उसकी हर एक ख्वाहिश पूरी करना चाहती हूं। उसकी पढ़ाई पर पैसे लगाऊंगी और सोचा है, अपने कस्बे में एक डांस अकेडमी खुलवाऊं, जहां मैं लोगों को डांस सीखा सकूं।' 

 


इस दौरान वर्षा ने घर खरीदने की भी इच्छा जताई और कहा कि हम हमेशा किराए के मकान में रहे हैं। मैं चाहती हूं कि अपने बेटे को एक अपनी छत दूं। मैं जानती हूं कि किराए के मकान में रहने का एहसास कैसा होता है। मैं अब अपना घर खरीदना चाहती हूं।'

 


बता दें, वर्षा ने 2015 में नितिन से शादी रचाई थी। उनका बेटा गरिशन अभी 5 साल का है। अपने बेटे की परवरिश के लिए वर्षा ने मजदूरी चुनी। वहीं डांस के उनका प्यार शादी के बाद भी बरकरार रहा। डांस के लिए वर्षा ने कोई ट्रेनिंग नहीं ली, इसके बावजूद भी उन्होंने जबरदस्त डांस से सबको टक्कर देकर डीआईडी की ट्रॉफी अपने नाम की, जो अन्य लोगों के लिए भी एक बड़ी मिसाल है।


 

Content Writer

suman prajapati