कंगना ने मुंबई को बताया ''प्यारा शहर'' तो उर्मिला मातोंडकर ने मारा ताना, कहा-''बहन सिर पर चोट लगी है क्या''

12/30/2020 9:02:57 AM

मुंबई: विवादित बयानों और महाराष्ट्र सरकार से लंबे विवाद के बाद एक्ट्रेस कंगना रनौत रविवार को मुंबई पहुंची। इसके बाद मंगलवार उन्होंने मुंबा देवी और श्री सिद्धिविनायक मंदिर के दर्शन किए।

इस मौके पर कंगना ने कहा कि मैं यहां आकर सुरक्षित और प्यारा महसूस करती हूं। अब कंगना के इस बयान पर एक्ट्रेस और शिवसेना नेता उर्मिला मातोंडकर ने तीखा हमला किया।

दरअसल, कंगना ने मंदिर दर्शन की कुछ तस्वीरें पोस्ट कर लिखा-'अपने शहर मुंबई के लिए खड़े होने पर आज मुझे जिस तरह का सम्मान मिला और स्वागत किया गया, उससे मैं अभिभूत हूं। आज मैं मुंबा देवी गई और श्री सिद्धिविनायक जी का आशीर्वाद लिया। मैं बेहद सुरक्षित और प्यार से भरी महसूस कर रही हूं। जय हिंद जय महाराष्ट्र।'

 

कंगना के इस ट्वीट के बाद उर्मिला ने ट्वीट कर चुटकी ली और लिखा- 'मेरे प्यारे शहर मुंबई के लिए खड़ी होने के लिए?' इसके बाद उन्होंने मराठी में लिखा- 'बहन क्या तुम हाल ही में सिर के बल गिरी थीं?'

 

कंगना ने मुंबई को बताया था POK

कुछ महीने पहले कंगना ने ट्वीट कर लिखा था कि उन्हें माफियाओं से ज्यादा मुंबई पुलिस से डर लगता है। इसके बाद शिवसेना के सीनियर नेता संजय राउत ने ट्वीट कर लिखा था कि अगर उन्हें मुंबई में डर लगता है तो यहां वापस नहीं आना चाहिए। जिसपर अब कंगना की ओर से जवाब आया था। ये मुंबई पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर की तरह क्यों लग रहा है? कंगना के इस बयान पर काफी हंगामा हुआ था।

बता दें कि इससे कंगना और उर्मिला के बीच जुबानी जंग ट्विटर पर हो चुकी है। मुंबई की तुलना पीओके से करने पर भी उर्मिला भड़क उठी थीं और उन्होंने कंगना को खरी खोटी सुनाई थी। इसके बाद से दोनों के बीच तकरार जारी है।  हाल ही में उर्मिला ने शिवसेना में शामिल होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी और इस दौरान कंगना से जुड़े सवाल पर कहा था- अब उन्हें इतना महत्व देने की जरूरत नहीं है। हर किसी को निंदा करने का आधिकार और आजादी है, वो ऐसा करने के लिए आजाद हैं।' इसके बाद उर्मिला ने ट्वीट कर लिखा था- तुमको मिर्ची लगी तो मैं क्या करूं। मुझे यह गाना पसंद है। आपको क्या लगता है।
 

Smita Sharma