ठाणे के कोर्ट ने जावेद अख्तर के खिलाफ जारी किया नोटिस, तालिबान से की थी RSS की तुलना

9/28/2021 4:46:29 PM

मुंबई. गायक और लेखक जावेद अख्तर अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। बीते दिनों जावेद ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तुलना तालिबान से की थी। इसके बाद ठाणे के कोर्ट में उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज किया गया था। अब मंगलवार को ठाणे के एक कोर्ट ने जावेद को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस 1 रुपये के मानहानि के दावे पर भेजा गया है। 


जावेद पर यह मुकदमा आरएसएस के एक एक्टिविस्ट विवेक चंपनेकर ने किया है। इस मानहानि के दावे में जावेद से केवल एक रुपया हर्जाना मांगा है। कोर्ट ने 12 नवंबर को वापस करने योग्य नोटिस जारी करने का आदेश दिया। जावेद ने एक महीने पहले एक बयान में कहा था-  'तालिबान एक इस्लामिक देश चाहते हैं। ये लोग यहां हिंदू राष्ट्र बनाना चाहते हैं।' हालांकि इस बयान में जावेद ने कहीं भी आरएसएस का नाम नहीं लिया था।


शिकायतकर्ता की ओर से पेश हुए वकील आदित्या मिश्रा ने कोर्ट में दलील दी कि जावेद ने आरएसएस पर अपमानजनक टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि जावेद ने बर्बर तालिबान की तुलना हिंदुओं की भलाई के लिए काम कर रहे संगठन से की है जो इसे बदनाम करना है। शिकायतकर्ता ने कहा कि जावेद आम लोगों की नजरों में आरएसएस की छवि को खराब करना चाहते हैं।

Content Writer

Parminder Kaur