जल्द शादी के बंधन में बंधेंगे तेजस्वी प्रकाश और करण कुंद्रा! एक्टर के पिता ने कहा- सब ठीक रहा तो जल्दी कर देंगे

2/1/2022 10:25:53 AM

मुंबई. तेजस्वी प्रकाश 'बिग बॉस 15' की विनर बन चुकी है। शो में करण कुंद्रा और तेजस्वी का रिलेशनशिप चर्चा का विषय रहा। शो में दोनों कंटेस्टेंट के तौर पर शामिल हुए थे। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और फिर प्यार हो गया। करण और तेजस्वी को शो में रोमांटिक होते हुए भी देखा गया था। दोनों के रिश्ते को परिवार ने भी मंजूरी दे दी है। करण के पिता ने तेजस्वी को परिवार का दिल कहा था। शो खत्म हो गया है अब दोनों जल्द शादी कर सकते हैं। ये बात खुद करण के पापा ने कही है।


दरअसल, सोशल मीडिया पर करण के पिता का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें करण के पापा पेपराजी से बात करते हुए नजर आ रहे हैं। पेपराजी करण के पिता से पूछते हैं, 'तेजस्वी और करण के रिश्ते को तो मंजूरी दे दी है लेकिन अब शादी के बारे में क्या सोचा है आप लोगों ने? इस पर अभिनेता के पिता कहते हैं, 'सब ठीक रहा तो जल्दी कर देंगे शादी।' ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। बता दें 'बिग बॉस 15' में जब फैमिली वीक हुआ था। तब घर के सभी सदस्यों के परिवार वालों ने वीडियो कॉल के जरिए सबसे बात की थी। इस दौरान करण ने तेजस्वी को अपने पेरेंट्स से मिलवाया था। उस दौरान करण के पिता ने तेजस्वी को परिवार का दिल कहा था। इस बात ने सबको खुश कर दिया था।

वहीं सलमान खान ने भी करण की बात तेजस्वी के माता-पिता से करवाई थी। करण ने तेजस्वी के मां-पापा से मराठी भाषा में बात करने की कोशिश की थी। सलमान ने तेजस्वी के मां-पापा से पूछा था कि सब ठीक है तो क्या रिश्ता पक्का समझे या नहीं? इस पर तेजस्वी की मां ने 'हां' में जवाब दिया था।

Content Writer

Parminder Kaur