श्रीलंका में प्रदर्शन पर स्वरा भास्कर ने दी प्रतिक्रिया, कहा-'बुरी है आग पेट की.. बुरे दिल के दाग..न मिट सकेंगे एक दिन..बनेंगे इंकलाब'

7/11/2022 8:39:57 AM

मुंबई: पिछले कई महीनों से श्रीलंका आर्थिक संकट से जूझ रहा है। वहां काफी समय से लोग आवश्यक वस्तुओं की कमी का सामना कर रहे हैं। लंबे समय से आवश्यक वस्तुओं की कमी का सामना कर रही जनता का अब धीरे-धीरे धैर्य जवाब दे रहा है। वहीं शनिवार को जनता का सब्र का बाण टूटा और वे हिंसा पर उतर आए। जनता ने राष्ट्रपति भवन पर कब्जा कर लिया।

सिर्फ इतना ही नहीं वहीं की जनता ने प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे के निजा आवास को भी आग के हवाले कर दिया है। जनता के बढ़ते आक्रोश को देख राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे राष्ट्रपति भवन छोड़कर भाग गए।  

सोशल मीडिया पर प्रदर्शनकारियों के तमाम वीडियो वायरल हो रहे हैं। श्रीलंका के लोगों की हिंसा पर अब बाॅलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

स्वरा ने वहां के लोगों द्वारा किचन पर कब्जा करने का भी वीडियो शेयर किया है। वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में कविता की दो लाइनें लिखीं। उन्होंने लिखा-'बुरी है आग पेट की, बुरे हैं दिल के दाग ये...न मिट सकेंगे एक दिन, बनेंगे इंकलाब ये...' (जनवादी गीत:  तू जिन्दा है)' स्वरा के इस पोस्ट पर लोग भी खूब रिएक्शन दे रहे हैं।

स्वरा भास्कर की इस पोस्ट पर एक शख्स ने लिखा- 'समझ सकते हैं कि पेट के लिए क्या-क्या नहीं करना पड़ता।' वहीं दूसरे ने लिखा- 'सिंहासन खाली करो कि जनता आती है।' एक और शख्स ने कहा- 'त्रस्त जनता कुछ भी कर सकती है नए श्रीलंका का वादा खोखला साबित हुआ।'

बता दें कि स्वरा भास्कर देश के हर मुद्दे पर बेबाकी से अपनी राय रखने के लिए जानी जाती हैं। काली पोस्टर को लेकर चल रहे विवाद के बीच भी स्वरा भास्कर ने ट्वीट करके महुआ मोइत्रा का समर्थन किया था।

Content Writer

Smita Sharma