एक दिन की छुट्टी पर गए स्वामी ओम, जल्द ही कर सकते हैं बिग बॉस के घर में वापसी

12/4/2016 5:16:33 PM

मुंबई- बिग बॉस 10 के विवादित कंटेस्टेंट ओम स्वामी को दिल्ली की एक अदालत ने चोरी के केस में समन भेजकर पेश होने के लिए कहा था। यह केस स्वामी पर उनके भाई ने दर्ज कराया है। इसी वजह से खुद को भगवान बताने वाले ओमजी की शो से विदाई हो गई थी। घर में जहां बहुत से लोग उनके बाहर निकलने से खुश थे, वहीं इस बात से कोई इंकार नहीं कर सकता कि उनकी हरकतें मनोरंजन नहीं करती हैं। यहां तक कि सलमान खान ने भी उन्हें उभरता हुआ स्टार करार दिया है। 

अदालत ने स्वामी को 30,000 रुपए का जुर्माना लगाने के बाद जमानत दे दी है। इस केस की अगली सुनवाई 4 फरवरी 2017 को होगी। इसके बाद निश्चित तौर पर वो बिग बॉस के घर पर वापिस जा सकते हैं। 

हालांकि स्वामी कब और कैसे बिग बॉस के घर में दोबारा एंट्री करेंगे इस बात का पता फिलहाल नही चला है। उन पर चोरी के कई मामले चल रहे हैं। इस केस में उनके भाई प्रमोद झा ने बाबा पर अपनी दुकान में चोरी करने का आरोप लगाया है। सूत्रों के अनुसार प्रमोद ने अपने भाई विनोदानंद उर्फ स्वामी जी पर लोधी कालोनी में स्थित अपनी साईकिल की दुकान पर तीन आदमियों के साथ मिलकर दुकान का ताला तोड़ने, 11 साईकिल, मंहगे पुर्जे, घर की सेल डीड और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को चुराने का आरोप लगाया है। 

पुलिस ने ओम स्वामी पर घुसपैठ और चोरी करने के आरोपों में केस दर्ज किया था।  जिस पर दिल्ली की अदालत ने 14 अक्टूबर की तारीख इसकी सुनवाई के लिए रखी थी। लेकिन अदालत ने ओम स्वामी को अगली तारीख दे दी है। गौरतलब है कि ओम स्वामी पर महिलाओं की अश्लील फोटो रखकर उनसे पैसा ऐंठने का भी आरोप है।