सुशांत के सुसाइड से पहले ही अपडेट हो गया था विकिपीडिया, अब साइबर सेल ने इस बात को लेकर किया ये खुलासा

7/2/2020 11:47:36 AM

मुंबई: बाॅलीवुड एक्टर सुशांत सिंह के सुसाइड मामले में हर दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। लोगों ने सुशांत के निधन को सुसाइड नहीं बल्कि एक मर्डर मान रहे थे। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। सुशांत अपने पीछे कोई सुसाइड नोट नहीं छोड़ गए थे, जिसकी वजह से इन सवालों का जवाब कई कोशिशों के बाद भी किसी को नहीं मिल पा रहा कि आखिर क्यों एक सफल और होनहार अभिनेता ने खुदकुशी का रास्ता अपनाया। सोशल मीडिया पर उनके फैंस द्वारा दी जा रही तमाम तरह की थ्योरिज सामने ला रहे हैं। इसी कड़ी में इनफार्मेशन साइट 'विकिपीडिया' पर भी उंगलियां उठाई जा रही थीं।

खबरों के मुताबिक अब मुंबई पुलिस के हाथ एक नया फैक्ट लगा था जो कि सुशांत के विकिपीडिया से जुड़ा हुआ है। दरअसल,सुशांत के सुसाइड के बाद विकिपीडिया पेज की हिस्ट्री में 8 बजकर 59 मिनट पर ही इसकी जानकारी दर्ज हुई है। ऐसे में सोशल मीडिया पर सुशांत के फैंस बार-बार सवाल कर रहे थे कि आखिर कैसे सुशांत का विकिपीडिया उनके निधन से पहले ही अपडेट हो गया? क्या किसी को इस सुसाइड की खबर पहले ही थी? इस तरह के सवालों का हवाला देकर फैंस बार-बार यह दावा कर रहे थे कि सुशांत की मौत आत्महत्या नहीं बल्कि किसी साजिश की वजह से हुई है।

अभी तक जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक, सुशांत सुबह करीब 9.30 बजे कमरे से बाहर आए थे। उन्होंने इसके बाद जूस पिया था और वे 10 मिनट बाद वापस अपने कमरे में चले गए थे। वहीं उनके मौत की खबर भी करीब 1-2 बजे के बीच सामने आई। ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स ये सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर विकिपीडिया पेज पर आत्महत्या के बारे में पहले कैसे अपडेट किया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बात को सुलझान के लिए मुंबई पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली। साइबर सेल की मदद के बाद यह बात साफ हुई कि विकिपीडिया पेज यूटीसी टाइमलाइन पर चलता है।

ये भारतीय समय से 5.30 घंटें पीछे है। इस वजह यूजर्स को यह टाइम गैप दिख रहा है। मुंबई पुलिस के मुताबिक विकिपीडिया पेज से कोई भी छेड़खानी नहीं हुई है। यानि एक बार फिर 'सुशांत सुसाइड केस' को लेकर सोशल मीडिया पर साजिश का जो दावा किया जा रहा था वह गलत साबित हुआ है। 

सुशांत सिंह राजपूत ने अपने फ्लैट में 14 जून को खुदकुशी कर ली थी। पुलिस अब तक केस को लेकर कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुदकुशी की बात साबित होने के बाद मुंबई पुलिस ये जानने में जुटी है कि आखिर सुशांत के डिप्रेशन में जाने के पीछे क्या कारण थे।

Smita Sharma