सुशांत सिंह राजपूत की पहली पुण्यतिथि पर चचेरे भाई मनोज सिंह ने PM मोदी से लगाई गुहार- प्लीज हमें इंसाफ दिलाएं

6/14/2021 9:24:44 AM

मुंबई: अपनी एक्टिंग से लोगों का दीवाना बना चुके सुशांत सिंह राजपूत बीते साल 14 जून की दोपहर अपने घर मृत पाए गए। सुशांत ने महज 34 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा। सुशांत के निधन के बाद कहा गया कि एक्टर डिप्रेशन में थे हालांकि सुशांत के फैंस ने इस बात पर भरोसा नहीं किया। सुशांत के निधन को लेकर तरह तरह की बातें की गईं लेकिन वास्तविक सच अभी तक किसी के सामने नहीं आया है।  सुशांत सिंह निधन की जांच फिलहाल सीबीआई और एनीसीबी के पास है, लेकिन एक साल में ये जांच एजेंसी भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई हैं।

सुशांत के पैतृक गांव पूर्णिया के मल्लडीहा में उनके परिजन और मित्र आज भी न्याय के इंतजार में आस लगाए बैठे हैं। ऐसे में सुशांत की पहली बरसी पर उनके चचेरे भाई मनोज सिंह ने देश के प्रधानमंत्री से इंसाफ की गुहार लगाई।  सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई पन्ना सिंह कहते हैं कि एक साजिश के तहत सुशांत की मौत की मिस्ट्री छुपाई गई है।  

वहीं सुशांत के चचेरे भाई मनोज सिंह अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगा रहे हैं कि वह खुद पहल कर हमें इंसाफ दिलाएं।  आज भी सुशांत को यादकर उनके परिजन रो पड़ते हैं। वे लोग कहते हैं कि जब 12 मई 2019 को सुशांत सिंह राजपूत अपने गांव मल्लडीहा आया था तो पूरा गांव उसका दीवाना था। परिजनों और ग्रामीणों को आज भी न्याय की आस है।

सुशांत के फ्रेंड ओंकार सिंह, रोशन सिंह ने कहा- सुशांत कभी भी आत्महत्या करने वाला आदमी नहीं था। वह तो लोगों का प्रेरणा स्रोत था। उसकी फिल्म 'छिछोरे' और 'एमएस धोनी' तो संघर्ष करने की प्रेरणा देती है। फिर ऐसा बोल्ड आदमी क्यों और कैसे आत्महत्या करेगा। उनकी मौत के रहस्य को छुपाया गया इसके पीछे बहुत बड़ी राजनीतिक साजिश है।

Content Writer

Smita Sharma