सुशांत के को-स्टार संदीप नाहर ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में कहा-''अब जीने की इच्छा नहीं''

2/16/2021 8:24:03 AM

मुंबई: साल 2021 में भी बाॅलीवुड इंडस्ट्री से एक के बाद एक बुरी खबर आ रही हैं। कुछ दिन पहले ही राज कपूर के बेटे राजीव कपूर का निधन हुआ था। वहीं अब दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म 'एमएस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी' में काम कर चुके एक्टर संदीप नाहर ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। संदीप नाहर ने सुसाइड किया है।

 

मुंबई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नाहर ने मुंबई के गोरेगांव स्थित अपने घर में उन्होंने आत्महत्या कर ली। सुसाइड के पहले संदीप नाहर ने फेसबुक पर एक वीडियो साझा किया था।

उस वीडियो में उन्होंने अपनी पत्नी कंचन शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए थे, साथ ही ये भी बताया था कि उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने वीडियो में कहा था-'मुझे आपने कई फिल्मों में देखा होगा। एमएस धोनी में मैंने छोटू भैया का किरदार निभाया था। आज यह वीडियो बनाने का मकसद ये है कि हमारी जिंदगी में कई परेशानियां चल रही हैं। मैं दिमागी तौर पर ठीक नहीं हूं। इसकी वजह मेरी पत्नी कंचन शर्मा है। डेढ़ दो साल से मैं ट्रॉमा से गुजर रहा हूं। मैंने अपनी पत्नी को बार-बार समझाया है। 365 दिन लड़ना ठीक नहीं है। हर रोज सुसाइड की बात करना ठीक नहीं है। वो कहती है मैं मर जाऊंगी और तुझे फंसा दूंगी।'

संदीप ने आगे कहा-'मैं परेशान हो चुका है। मेरे परिवार को गाली देती है। मां को गाली देती है। मैं उसके सामने घर वालों का फोन नहीं उठा पाता हूं। मेरा नाम किसी से भी जोड़ देती है। शक करती है और शक का इलाज नहीं है। हर समय लड़ती है। पिछले दिनों घर से भाग गई थी। मैं फिर ढूंढने लगा। इसकी मां इसका साथ देती है और केस करने की धमकी भी देती है।'

संदीप ने आगे कहा- 'मैं अपने माता पिता को शुक्रिया कहना चाहता हूं क्योंकि उन्होंने मुझे वो सब कुछ दिया जो मैं चाहता था। मेरा एक्टर बनने का सपना पूरा किया। आज मैं जो हूं सब उनके कारण से हूं। मुझे पता है कि आप सब कह रहे होंगे तो उनके लिए क्यों नहीं जीता। मैं जीता अगर सिंगल होता। मुझे पता है कि जीने के लिए बहादुरी चाहिए लेकिन अभी तो मैं बस अपने माता-पिता से माफी मांगता हूं। उस हर पल के लिए जब मैंने उनका दिल दुखाया। मैं यहां उनको प्राउड फील करवाने के लिए आया था और कुछ बनकर उनके लिए कुछ करना चाहता था।  मेरी एक गलत शादी ने दुनिया बदल दी मेरी अब जीने की इच्छा नहीं रही है।'

बता दें कि संदीप नाहर ने फिल्म 'एम एस धोनी' में धोनी के दोस्त का किरदार निभाया था। इसके अलावा उन्होंने फिल्म 'केसरी' में उन्होंने सैनिक का किरदार निभाया था। दोनों ही फिल्मों में दर्शकों ने उनकी एक्टिंग को काफी पसंद किया था। फिल्मों के अलावा वह सीरियल्स में भी काम किया था।
 

Content Writer

Smita Sharma