सुशांत सिंह राजपूत की तेरहवीं पर परिवार ने जारी किया खास संदेश,कहा-''वह हमारा प्यारा गुलशन था''

6/27/2020 1:25:34 PM

मुंबई: बाॅलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन को 13 दिन हो गए हैं। ऐसे में एक्टर के परिवार ने एक आधिकारिक संदेश जारी किया है।आज , 27 जून को सुशांत की तेरहवीं पर उनके परिवार ने संदेश में लिखा। इस लेटर में उन्होंने लिखा-'आपके लिए सुशांत सिंह राजपूत और हमारे लिए सिर्फ हमारा प्यारा गुलशन.... वह खुला दिल, बातूनी और बहुत ही होनहार था। हर चीज को लेकर जिज्ञासु रहता था। हर बात को लेकर उत्सुक, बड़े सपने देखना और उन्हें सच कर दिखाना उसका शौक था। उसकी मुस्कान दिल जीत लेती थी।

वह परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा था।' उन्होंने आगे लिखा-' उसका टेलीस्कोप उसके लिए सबसे खास था, जिससे वो तारों को देखा करता था। हम यह विश्वास नहीं कर पा रहे हैं कि अब उसकी हंसी कभी हमारे कानों में नहीं गूंजेगी।

 

उसकी चमकती आंखों को अब हम कभी नहीं देख पाएंगे। विज्ञान को लेकर उसकी अंतहीन बातें अब सुनने को नहीं मिलेगी। वो परिवार में कभी ना भरी जा सकने वाली रिक्तता छोड़ गए हैं। इस शून्य से हम स्तब्ध हैं। 

 

सुशांत सिंह राजपूत फाउंडेशन की स्थापना

इस लेटर में सुशांत की फैमिली ने आगे लिखा-'उसे अपने हर एक फैन से बेइंतहा प्यार था। आप सब ने हमारे गुलशन पर जो प्रेम बरसाया है उसके लिए हम हृदय से आपके आभारी हैं। उसकी यादों को संजोने के लिए हमने सुशांत सिंह राजपूत फाउंडेशन की स्थापना की है। जिसका उद्देश्य सुशांत के पसंदीदा क्षेत्र जैसे कि सिनेमा, विज्ञान और खेल में उभरती प्रतिभाओं को समर्थन व प्रोत्साहन देना है।'


 

पटना वाला घर बनेगा मेमोरियल

पटना के राजीव नगर में, जिस घर में उसने अपना बचपन गुजारा है, उस घर को हम मेमोरियल बनाने जा रहे हैं। यहां उनकी हजारों किताबें, टेलीस्‍कोप और बाकी सामान को सजाया जाएगा। हम चाहते हैं कि उनके फैंस उनसे जुड़े रहें। सुशांत की यादों को समेटे रखने के लिए उसके इंस्टाग्राम और फेसबुक पेज को 'लिगेसी अकाउंट' की तरह चलाए रखना चाहते हैं।'-सुशांत का परिवार


बता दें कि सुशांत ने  14 जून अपने मुंबई आवास पर फांसी लगाकर सुसाइड किया था। इस घटना से अभी तक उनके चाहने वाले उबर नहीं पाए हैं।उनके फैंस भी बेहद दुखी हैं। लगातार सुशांत से जुड़ी यादें, उनकी तस्वीरें और उनके वीडियोज सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। एक्टर के सुसाइड की वजह अभी पता नहीं चली है।  फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। 

Smita Sharma