सुशांत केस: परिवार पर दबाव डाल रही हैं मुंबई पुलिस, नहीं कर रही FIR दर्ज, राजपूत परिवार के वकील ने किया बड़ा खुलासा

7/29/2020 11:13:44 AM

मुंबई: एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन को करीब डेढ़ महीना बीत चुका है लेकिन इसके बाद भी मुंबई पुलिस इस केस को लेकर कोई अहम जानकारी नहीं ढूंढ सकी। ऐसे में शनिवार को सुशांत के पिता केके सिंह ने रेहा चक्रवर्ती और उनके परिवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। जिसमें कई खुलासे किए गए हैं, इसके बाद अब सुशांत के परिवार के वकील विकास सिंह ने मुंबई पुलिस पर भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

 

दरअसल, हाल ही में एक चैनल से बात करते हुए राजपूत परिवार के वकील विकास सिंह ने मुंबई पुलिस को सवालों के घेरे में ला दिया है। विकास ने कहा-'रविवार (26 जुलाई) को एफआईआर होने के बाद भी अभी तक रेहा के खिलाफ कोई एक्शन क्यों नहीं लिया गया है। इसके साथ ही विकास ने कहा कि मुंबई पुलिस इस केस में बहुत धीरे जांच कर रही है और साथ ही साथ उसकी जांच का एंगल भी केस के मुताबिक ठीक नहीं है।

मुंबई पुलिस सुशांत के परिवार पर दबाव बना रही है और मुंबई के प्रोडक्शन हाउसेस के नाम लेने को कह रही है। इसके साथ ही मुंबई पुलिस सुशांत के परिवार पर बड़े फिल्म निर्माताओं का नाम लेने के लिए दबाव बनाती रही है। जबकि आरोपी रेहाचक्रवर्ती और उनका परिवार अभी भी पुलिस की पहुंच से दूर हैं। 

विकास ने कहा-'हमें लगा था कि FIR होते ही तुरंत रेहा चक्रवर्ती की गिरफ्तारी होगी पर ऐसा नहीं हुआ। हालांकि हमें अब भी उम्मीद है कि मुंबई पुलिस जल्द ही गिरफ्तारी करेगी। इस पूरे मामले में विनय तिवारी (एसपी सिटी, पटना) ने बताया है कि बिहार पुलिस की टीम भी मुंबई पहुंच गई है और जांच कर रही है। वहीं मुंबई पुलिस की मदद करने के सवाल पर विनय तिवारी ने कहा कि इसकी एक प्रक्रिया होती है और उसके मुताबिक ही काम हो रहा है।

बता दें कि हाल ही में सुशांत के पिता केके सिंह ने रिया और उनके परिवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। सुशांत के पिता का कहना है कि रेहा ने ही उनके बेटे की मानसिक हालत खराब की और साथ ही साथ दवा के ओवरडोज भी दिए। इसके साथ ही केके सिंह ने बताया कि सुशांत के अकाउंट से अलग अलग खातों में 15 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे।


केके सिंह ने अपनी एफआईआर में इस बात का भी जिक्र किया है कि सुशांत की मौत के कुछ दिन पहले ही रेहा वहां से चली गईं और साथ में कैश, जेवर, लैपटॉप, सुशांत के बैंक कार्ड्स और उनके पिन, सुशांत की मेडिकल रिपोर्ट्स आदि भी अपने साथ ले गईं। केके सिंह का आरोप है कि रेहा और परिवार ने सुशांत के खिलाफ एक ऐसा जाल बिछाया और उस के चलते आज सुशांत इस दुनिया में नहीं हैं।

Smita Sharma