अब गृह मंत्रालय सुलझाएगा सुशांत केस की गुत्थी, मुश्किलों में फंस सकती है महाराष्ट्र सरकार

8/4/2020 10:15:58 AM

मुंबई: दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के मामले में अब गृह मंत्रालय ने कदम रख दिया है। खबरें हैं वह अब जल्द ही महाराष्ट्र सरकार से जांच की रिपोर्ट मांगने वाली है।दरअसल, सूत्रों के मुताबिक बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुंबई में बिहार पुलिस के साथ किए जा रहे व्यवहार पर असंतोष जताते हुए गृह मंत्रालय से इस मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया था।

जबकि पहले गृह मंत्रालय इस मामले में हस्तक्षेप नहीं कर रहा था क्योंकि ये राज्य का मामला है, लेकिन दो राज्यों की पुलिस में टकराव होने और मुंबई पुलिस द्वारा बिहार पुलिस की जांच में बाधा डालने की खबरों को केंद्र के सामने रखा गया। इसके बाद, गृह मंत्रालय सुशांत मामले की जांच पर महाराष्ट्र सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांग सकती है। 

बिहार के SP को  'जबरन क्वारंटाइन' किया 

सुशांत मामले में बिहार पुलिस द्वारा की जा रही जांच के लिए मुंबई पहुंचे पटना के पुलिस  SP विनय तिवारी को बीएमसी ने 'जबरन क्वारंटाइन' में भेज दिया है। इस घटना की बिहार के सीएम ने निंदा की और कहा कि ये गलत है जबकि बिहार के डीजीपी ने खुलासा किया है कि वह अपने महाराष्ट्र के समकक्ष से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं।

इस कदम की टाइमिंग पर भी सवाल उठाया जा रहा है और पूछा जा रहा है कि बिहार पुलिस की 4 सदस्यीय टीम को भी मुंबई आने के बाद क्वारंटाइन क्यों नहीं किया गया। जब इस बारे में महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख से पूछा गया तो उन्होंने इस पर कोई भी बात करने से मना कर दिया।
 

Smita Sharma