मजबूर होकर मॉडल सुरभि को कचरे के ढेर पर करना पड़ा कैटवॉक, वजह जानकर लोग हैरान

9/1/2021 4:47:29 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. आपने मॉडल्स और एक्ट्रेस को रेड कार्पेट पर तो रैंप वॉक करते देखा होगा, लेकिन कूड़े के ढेर पर कोई वॉक करेगा, ऐसा किसी ने सोचा तो क्या कभी ख्याल ही नहीं आया होगा। वहीं जब मिस झारखंड रहीं मॉडल सुरभि ने कचरे के ढेर पर वॉक किया तो लोग उन्हें देख हैरत में पड़ गए। जब लोगों को उनके ऐसा करने की वजह पता चली तो वो उन्हें सैल्युट मारने लगे।

 

सुरभि को कचरे के ढेर पर एटिट्यूड के साथ चलते देख हर कोई हैरान है, क्योंकि ब़ड़े स्टार्स तो क्या आम लोग भी कूड़े के ढेर के पास से गुजरना पसंद नहीं करते और जब वहां से गुजरने का मौका आ भी जाए तो नाक बंद कर लेते हैं। वहीं सुरभि का ऐसा वीडियो तो लोगों को सोचने पर मजबूर करेगा ही कि उन्होंने ऐसा क्यों किया। 

 

दरअसल, झारखंड की राजधानी रांची का कचरा झिरी में फेंका जाता है। इसलिए यहां कचरे का पहाड़ बन गया है। रांची के रिंग रोड से गुजरते वक्त जब झिरी आता है, तो कचरे की बदबू लोगों को झेलनी पड़ती है। राजधानी के कचरे से गांव में रहने वालों का जीना बदतर है। उनकी सेहत पर असर पड़ रहा है।


ऐसे में सुरभि ने लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए और उनकी शिकायतों को सरकार की नजरों तक पहुंचाने के लिए इस ढेर पर कैटवॉक किया। वह करीब आधे घंटे तक कचरे के ढेर पर चली। इसे ड्रोन कैमरे से फिल्माया गया है।


देखा जा सकता है कि इस दौरान सुरभि रेड कलर की शॉर्ट ड्रेस पहने कचरे पर पूरे कॉन्फिडेंस के साथ खड़ी पोज देती नजर आ रही हैं।

 कचरे पर कैटवॉक करने को लेकर सुरभि ने बताया कि वे जब रिंग रोड से गुजरती थीं। तभी यह ख्याल आया कि लोगों की जिंदगी बर्बाद हो रही है और वह चुपचाप हैं। किस तरह से हम आप के घरों से कचरा निकलकर यहां जमा हो रहा है। ना तो सरकार को इसकी चिंता है और ना ही किसी नगर निगम को। मुझे यह बात बहुत परेशान करती है, इसिलए मैंने मजबूर होकर यह कदम उठाया है। मेरा यहां कैटवॉक करने का मकसद है कि जल्द से जल्द इस कूड़े के ढेर को हटाया जाए।

Content Writer

suman prajapati