70 घंटे काम..नारायण मूर्ति की सलाह पर सुनील शेट्टी का रिएक्शन- 'ये विवाद का विषय बिलकुल नहीं, इस पर विचार करना चाहिए'
11/2/2023 1:57:03 PM
बॉलीवुड तड़का टीम. इंफोसिस के को-फाउंडर एनआर नारायण मूर्ति ने हाल ही में सलाह दी है कि देश के युवा हर सप्ताह 70 घंटे काम करें। हफ्ते में 70 घंटे काम किए जाने की उनकी बात पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। इसी बीच बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर सुनील शेट्टी ने नारायण मूर्ति की इस सलाह पर अपना रिएक्शन दिया है। तो आइए जानते हैं कि एक्टर ने क्या कहा है।
सुनील शेट्टी ने अपने लिंकडिन अकाउंट पर इस मुद्दे पर बात करते हुए कहा है कि ये विवाद का विषय तो बिलकुल नहीं है। दरअसल जिस तरीके से मैं चीजों को देखता हूं, उसके अनुसार लोगों को नारायण मूर्ति की सलाह का इस तरह विरोध नहीं करना चाहिए। उन्हें इस बात को ध्यान से सुनना चाहिए और इसके बाद अपने आप का आकलन करना चाहिए। सोचने समझने के बाद जो ठीक लगे, वो कर सकते हैं। वो क्या कहना चाह रहे हैं, इसके लिए रुककर उनकी बात को समझना और फिर उस पर विचार करना चाहिए।
दिग्गज एक्टर ने लिखा- मेरे लिए 70 या 100 घंटों के वर्किंग ऑवर की बात नहीं है। ये अपने आपको कंफर्ट जोन से बाहर निकालने की बात है। उन्होंने कहा कि जहां परिवार, दोस्तों, हेल्थ और अपने शौक के लिए वक्त निकालना जरूरी है, वहीं ये बात भी देखनी चाहिए कि दुनिया कितनी तेजी से बदल रही है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि क्रिकेट में विराट कोहली, फिल्मों में अमिताभ बच्चन, बिजनेस में रतन टाटा और साइंस में मिस्टर कलाम को देख लीजिए। ये सभी वाकई कमाल के उदाहरण हैं जिन्होंने अपने क्षेत्र में वाकई मिसाल कायम की है। क्या आपको लगता है कि इन लोगों ने अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकले बिना ये काम कर दिखाया होगा।
अपने इस लंबे-चौड़े पोस्ट में सुनील शेट्टी ने जीवन और जीवन के लक्ष्य के प्रति युवाओं को सोच बदलने की सलाह दी है।