महिला डॉक्टर के साथ हुई हैवानियत पर गुस्साई साउथ इंडस्टी, बोले-''भरोसा करने की ये कैसी सजा''

11/30/2019 1:54:23 PM

मुंबई: बीते दिनों ही तेलंगाना के हैदराबाद से एक ऐसा मामला सामने आया जिसने हर किसी के दिल को झिंझोड़ कर रख दिया। हैदराबाद में 27 साल की एक महिला डॉक्टर  प्रियंका रेड्डी को रेप के बाद जला दिया गया।क्या आम और क्या खास, हर कोई इस घटना से गुस्से में है।  हैदराबाद पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की जा रही है। यही वजह है कि ट्विटर पर #Nirbhaya, #RIPHumanity, #PunishRapistsInPublic टॉप ट्रेंड्स में शामिल है। इस क्रूर अपराध को जिस तरह  अंजाम दिया गया, उसने पूरे भारत में लोगों को हिला दिया है। साउथ स्टार्स ने भी इस घटना पर रोष प्रकट किया और ट्वीट कर अपराधियों को फांसी पर चढ़ा देने की मांग की। 

 

अर्जुन रेड्डी स्टार विजय देवरकोंडा ने ट्वीट कर लिखा-'हम में से कितनों को ऐसा करना पड़ता है कि जब हमारे घर की महिलाएं बाहर असुरक्षित महसूस करती हैं तो हमें फोन पर रहना पड़ता है। ये सबसे डरावनी चीजों में से एक है। हमें अपने घरों में, अपने दोस्तों और अपने आसपास में लड़कों/पुरुषों की जिम्मेदारी लेनी होगी। किसी को गलत करते देखें तो उसे ठीक करें, उसे समझाएं और जो इंसानों की तरह नहीं रह सकते उन्हें मानवाधिकार की कोई जरूरत नहीं है। इस मैसेज को आगे बढ़ाएं। हमारी जिंदगी सबसे जरूरी है। किसी भी मदद के लिए पुलिस को फोन करें।'

काजल अग्रवाल ने लिखा-'दोषियों को मृत्युदंड देना जरूरी है। इस समय पर्याप्त सुरक्षा की जरुरत है। उसकी गलती इतनी थी कि उसने उन लोगों पर विश्वास कर लिया जिन्होंने उसको मदद का वादा किया था।

साउथ की फेमस सिंगर चिन्मयी श्रीपदा ने ट्विटर पर लिखा-'पशु चिकित्सक के बाद कुछ ही दूरी पर पाया गया एक और बलात्कार पीड़िता? रिपोर्ट्स की मानें तो वह भी जल गई थी। #अहमदाबाद #शमशाबाद। उन्होंने लिखा- कई पुरुषों ने मुझसे कहना शुरू कर दिया है एक रेप की वजह से आप पूरे पुरुषों को दोषी नहीं ठहरा सकते। मैं उनको बताना चाहती हूं इसी बलात्कार की वजह से हममें से बहुत सी लड़कियां अपनी आजादी खो देती हैं।

महानती के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड अपने नाम कर चुकीं कीर्ति सुरेश ने भी ट्वीट कर गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा-'सुनकर हैरान हूं कि एक डॉक्टर का रेप करके जिंदा जला दिया गया। मैं निशब्द हूं। हैदराबाद जैसे सुरक्षित शहर में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। हमारा देश आखिर कब महिलाओं के लिए सुरक्षित होगा। मुझे कर्म पर भरोसा है। 

इसके अलावा कोइना मित्रा ने भी ट्वीट कर आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है।  

Smita Sharma