सूरमा भोपाली'' उर्फ जगदीप का आख‍िरी वीड‍ियो- आओ हंसते हंसते, जाओ हंसते हंसते, सोशल मीडिया पर वायरल

7/9/2020 9:56:54 AM

मुंबई: दिग्गज एक्टर जगदीप साहब का बुधवार रात निधन हो गया। जगदीप ने 81 साल की उम्र में अपने घर पर  ही  अंतिम सांस ली। जैसे ही उनके जाने की खबर फैली, लोग सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देने लगे। कई स्टार्स  ने जगदीप के निधन पर दुख जताया। वो बहुत खुशमिजाज और जिंदादिल इंसान थे। हाल ही में जगदीप का एक वीडियो  सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

इसमें वो आओ हंसते हंसते और जाओ हंसते हंसते कहते दिख रहे हैं। जगदीप का ये वीडियो उनके बेटे जावेद जाफरी ने साल 2018 में अपने ट्विटर से ट्वीट किया था। इस वीडियो में जगदीप कहते हैं, 'आप लोगों ने मुझे विश किया। सबका शुक्रिया। ट्विटर पर किया कि फेसबुक पर, देखा सुना मैंने। बहुत बहुत धन्यवाद। या तो दीवाना हंसे या वो जिसे तौफीक दे, वरना इस दुनिया में आकर मुस्कुराता कौन है। मैं मुस्कुराहट हूं। जगदीप हूं। आओ हंसते हंसते और जाओ हंसते हंसते।

हमारा नाम भी सूरमा भोपाली ऐसे ही नहीं है अब आप समझ लो।' फैंस उनके इस  वीडियो को काफी पसंद कर रहे  हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए जावेद जाफरी ने लिखा था, 'जैसा कि मेरे आदरणीय पिताजी सोशल मीडिया पर नहीं हैं तो उन्होंने अपने उन सभी फैंस को एक संदेश भेजा है जिन्होंने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।'

 

काम की बात करें तो उन्होंने करीब 400 फिल्मों में काम किया। लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें सूरमा भोपाली नाम से ही पहचाना जाता रहा है। जगदीप साल 2012 में आखिरी बार फिल्म 'गली गली चोर है' में नजर आए थे। इसके अलावा वह 'फिर वही बात', 'पुराना मंदिर', 'खूनी पंजा', 'काली घटा', 'सुरक्षा', 'स्वर्ग नरक', 'कुर्बानी', 'शहंशाह' जैसी कई फिल्मों में नजर आए। 

 

Smita Sharma