कोरोना पॉजिटिव एक्टर सूरज थापर की हालत में नहीं आया सुधार, लीलावती अस्पताल में हुए भर्ती
5/13/2021 2:59:53 PM
मुंबई. एक्टर सूरज थापर कुछ दिनों पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। एक्टर को मुंबई के गोरेगांव स्थित एक हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था लेकिन एक्टर की हालत में सुधार नहीं हुआ और अब सूरज को बांद्रा के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूरज के करीबी दोस्त ने बताया- 'सूरज का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें गोरेगांव के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत में सुधार नहीं हो रहा था और डॉक्टर्स ने सलाह दी कि उन्हें बड़े हॉस्पिटल में ले जाना चाहिए। ऐसे में उन्हें लीलावती लाया गया। हम उम्मीद और प्रार्थना कर रहे हैं कि वह जल्द ठीक हो जाएं।'
बता दें सूरज शो 'शौर्य और अनोखी की कहानी' में तेज सबरवाल का रोल प्ले कर रहे हैं। पिछले महीने महाराष्ट्र में शूटिंग रुकने के बाद इस शो को भी गोवा शिफ्ट कर दिया गया था। जब गोवा में लॉकडाउन लगा तो शो की कास्ट और क्रू मुंबई वापस लौट आए। गोवा से लौटने के बाद ही सूरज को कोविड-19 के लक्षण महसूस हुए थे।
काम की बात करें तो सूरज 'रजिया सुल्तान', 'उड़ान', 'अकबर का बल...बीरबल' जैसे शोज में नजर आ चुके हैं। इंडस्ट्री में सूरज को 10 साल से ऊपर का समय हो चुका है।