''अगर आज सुशांत सिंह जिंदा होते तो खुद के नाम पर हो रहे सर्कस को देख हंसते'':सोनू सूद

9/21/2020 1:35:03 PM

मुंबई: बाॅलीवुड एक्टर और लाॅकडाउन में मजदूरों का मसीहा बनकर उभरे सोनू सूद ने हाल ही में दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर राजनीति कर रहे लोगों पर निशाना साधा। सोनू सूद उन लोगों से काफी खफा हैं जो आए दिन खबरों में रहने के लिए  दिवंगत के निधन का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाइमलाइट में आने के लिए लोग दिवंगत एक्टर की मौत पर बयानबाजी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा- 'जो लोग सुशांत से एक बार भी मिले तक नहीं, वे भी उनकी ओर से बात कर रहे हैं। ऐसे लोग केस के जरिए खबरों में आना चाहते हैं।' उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत सुशांत की मौत के कारण का पता लगाने के लिए हुई थी और अब ऐसा लगता है कि लोग असली मुद्दे से भटक गए हैं। सोनू सूद ने बताया कि वे सुशांत से कई दफे मिले। दोनों जिम में एक-दूसरे के साथ वर्क आउट भी करते थे।

सुशांत एक अच्छे हीरो थे। एक आउटसाइडर होने के बाद भी उन्होंने काफी कुछ हासिल किया था। सुशांत उन लोगों पर हंसते जो खुद के मन से ही उनके लिए प्रवक्ता बने हुए हैं। ऐसे लोग उनके बारे में बढ़-चढ़कर बातें कर रहे हैं जबकि उनका परिवार घर पर शांत बैठा है। सोनू ने आगे कहा-धीरे-धीरे लोग सुशांत को भूलने लगे हैं। अब वे अपनी राय देने के लिए नया मुद्दा खोज लेंगे। उन्हें ऐसे होता देखकर काफी दुख होता है। 

बता दें कि 14 जून को सुशांत ने सुसाइड कर लिया था। इसके बाद उनकी मौत से जुड़ी कई नई बातें सामने आईं। फिलहाल इस केस की जांच देश की तीन बड़ी एजेंसियां (सीबीआई, ईडी और एनसीबी) कर रही हैं।

Smita Sharma