प्रवासी मजदूरों को घर भेजने के लिए एक्टर सोनू सूद ने की पहल, सरकार से अनुमति लेकर किया लोगों को विदा

5/11/2020 7:04:33 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन में फंसे प्रवासी मजदूर अपने घरों में वापस जाने के लिए बेबस हैं। देश के कई राज्यों में प्रवासी मजदूर फंसे हुए हैं। ऐसे में सरकार इन्हें घर पहुंचाने के लिए तमाम कोशिशें कर रही है और बॉलीवुड स्टार्स भी ऐसे लोगो की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। फंसे लोगों को घर पहुंचाने वाले स्टार्स में एक्टर सोनू सूद का नाम पहले नंबर पर है। ऐसा करने वाले वो पहले एक्टर है। 

फिल्म स्टार सोनू सूद प्रवासी मजदूरों को घर भेजने के लिए परिवहन की व्यवस्था कर रहे हैं। उन्‍होंने बस सेवाओं की व्‍यवस्‍था की है जो प्रवासियों को उनके घर पहुंचाने में मदद करेगी।


जानकारी के लिए बता दें एक्टर ने यह सब करने के लिए कर्नाटक और महाराष्ट्र सरकार से परमिशन ली है। परमिशन लेने के बाद उन्होंने लोगों की यात्रा के लिए खाने का भी इंतजाम किया है। सोमवार को लोगों को घर पहुंचाने के लिए महाराष्ट्र के ठाणे से गुलबर्गा के लिए दस बसें रवाना हुईं। सोनू ने खुद वहां पहुंचकर लोगों को विदा किया।


उनका कहना है कि ''इस समय पूरे देश वैश्विक महामारी का सामना कर रहा है, ऐसे में हर व्यक्ति को अपने फैमिली के साथ रहना जरूरी है। मैंने महाराष्ट्र और कर्नाटक की सरकार से इन प्रवासियों को लगभग दस बसों में घर पहुंचने में मदद करने के लिए अनुमति ली। महाराष्ट्र सरकार के अधिकारियों ने कागजी कार्रवाई शुरू करने में बहुत मदद की और कर्नाटक सरकार ने प्रवासियों का स्वागत किया।''


सोनू ने आगे कहा, 'मैं छोटे बच्चों और बूढ़े माता-पिता का सड़कों पर घूमके देख बहुत भावुक हुआ। मैं अपनी क्षमता के अनुसार दूसरे राज्यों के लिए भी ऐसा करूंगा।'
इससे पहले एक्टर पंजाब के डॉक्टर्स को 1500 पीपीई किट्स डोनेट कर चुके हैं। इससे पहले सोनू ने मुंबई स्थित अपना होटल भी मेडिकल स्टाफ के रहने के लिए दिया था। 


 

Edited By

suman prajapati