सोनू सूद ने करवाया लॉ स्टूडेंट के घुटनों का इलाज, लड़की के पिता ने एक्टर को बताया 'भगवान'

8/17/2020 3:34:17 PM

मुंबई. बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद लगातार लोगों के लिए फरिश्ता बने हुए हैं। हर आए दिन सोनू किसी न किसी की मदद कर रहे हैं। जो भी उनसे मदद की उम्मीद लेकर आता हैं वह उसे निराश नही करते हैं और मदद का हाथ आगे बढ़ाते हैं। सोनू बहुत सारे जरूरतमंद लोगों की मदद कर चुके हैं। हाल ही में सोनू ने उत्तर प्रदेश से ताल्‍लुक रखने वाली एक लड़की प्रज्ञा की मदद की है। प्रज्ञा 6 महीने से बेड पर है। उसका ऐक्‍सिडेंट होने के कारण उसके दोनों घुटनो पर चोट लग गई थी। जिसके बाद से वह चल नही पाई थी। लेकिन सोनू के द्वारा मदद के बाद प्रज्ञा दोबारा चल पाई हैं। एक्टर ने प्रज्ञा को एक नई जिंदगी दी हैं।  प्रज्ञा के परिवारवाले सोनू सूद को आशीर्वाद दे रहे हैं।


प्रज्ञा लॉ की स्‍टूडेंट है, उसने कुछ नेताओं से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उसका कोई परिणाम नहीं निकला। इसके बाद अगस्‍त के पहले हफ्ते में उसने सोनू सूद से ट्वीट कर मदद मांगी। इसके बाद सोनू ने डॉक्टर से बात की और प्रज्ञा को दिल्‍ली बुलाया। 12 अगस्त को गाजियाबाद में उसकी सफल सर्जरी हुई।


लड़की के पिता विजय मिश्रा जो कि गोरखपुर में पुजारी हैं, ने कहा कि वह सिर्फ सोनू को आशीर्वाद दे सकते हैं जिन्‍होंने उनकी बेटी को नई जिंदगी दी है। प्रज्ञा के पिता ने  बताया, 'प्रज्ञा को फरवरी में रोड ऐक्सिडेंट के दौरान गंभीर चोट लग गई थी और उसके दोनों घुटनों को नुकसान पहुंचा था। लोकल डॉक्‍टरों ने कहा कि सर्जरी ही विकल्‍प है और इसमें करीब 1.5 लाख रुपये का खर्च आएगा। हम इलाज का खर्च नहीं उठा सकते थे और ज्‍यादातर रिश्‍तेदार भी मदद करने से कतराने लगे।'प्रज्ञा के पिता ने कहा कि सर्जरी सफल रही और बेटी को दो से तीन दिनों में डिस्‍चार्ज कर दिया जाएगा। उन्‍होंने बताया, 'ट्रेन टिकट जैसे तमाम इंतजाम सोनू सूद ने किए। जब हम दिल्‍ली पहुंचे तो एक्‍टर की टीम हम से रेलवे स्‍टेशन पर मिली और वहां से सीधे हमें हॉस्पिटल ले गई।'


 'सोनू सूद हमारे लिए भगवान जैसे हैं। आज के दिनों में ऐसा फरिश्‍ते मिलना मुश्‍किल है। मैं उन्‍हें कुछ नहीं दे सकता लेकिन मैं उन्‍हें ढेर सारा आशीर्वाद और अच्‍छे भविष्‍य की शुभकामनाएं दे सकता हूं।' वहीं, प्रज्ञा ने कहा, 'मेरे लिए सोनू सूद भगवान हैं। मैंने तय किया है कि जब मैं कमाने लगूंगी तो मैं उन बच्‍चों की मदद करूंगी जो शिक्षा से वंचित हैं।'

Smita Sharma