सोनू सूद ने पूरी कर डाली बंदर को पकड़ने की डिमांड, वीडियो शेयर कर बोले ''लो पकड़ लिया, अब बोलो''
2/13/2021 5:37:56 PM
बॉलीवुड तड़का टीम. एक्टर सोनू सूद फिल्मों में अपनी दमदार एक्टिंग के साथ-साथ अपनी नेकदिली के लिए भी जाने जाते हैं। अब तक उन्होंने कई बेसहारा और गरीबों की मदद कर लोगों का दिल जीता है। सोनू सूद लोगों की एक गुहार से ही उनकी मदद करने के लिए तैयार हो जाते हैं, इसीलिए लोग उन्हें गरीबों का मसीहा भी कहते हैं। वहीं बीते दिनों एक गांव के लोगों ने सोनू सूद से बंदर पकड़ने की गुहार लगाई थी, जिसे अब एक्टर ने पूरा कर दिखाया है।
दरअसल, बीते दिन बासु गुप्ता नाम के एक ट्विटर यूजर ने अजीबों-गरीब डिमांड करते हुए लिखा था, 'सोनू सूद सर, हमारे गांव में एक लंगूर बंदर के आतंक के कारण दर्जनों लोग घायल हो चुके हैं। अतः आपसे निवेदन है की बंदर को हमारे गांव से कहीं दूर जंगल में भिजवा दीजिए।'
सोनू सूद ने रिप्लाई में लिखा था- 'बस अब बंदर पकड़ना ही बाकी रह गया था दोस्त। पता भेज, यह भी करके देख लेते हैं।' और वाकई में एक्टर ने इसे कर दिखाया है। जिसके बाद लोग उनकी सराहना करते नहीं थक रहे।
लो बंदर को भी पकड़ लिया। अब बोलो। ,😅 https://t.co/x7CgtnTk68 pic.twitter.com/uT5lBemwIS
— sonu sood (@SonuSood) February 11, 2021
हाल ही में सोनू सूद ने ट्वीट कर बंदर पकड़ लेने की बात ट्विटर पर बताई है। इसके साथ ही उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें उन लोगों ने अपना दर्द भी सुनाया जो बंदर की वजह से घायल हुए थे। इस वीडियो को शेयर करते हुए एक्टर ने कैप्शन में लिखा, 'लो बंदर को भी पकड़ लिया। अब बोलो।'
मसीहा का ये ट्वीट अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है और फैंस उनकी खूब तारीफ भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, गजब हो सोनू भाई आप भी, वहीं कुछ ने उन्हें ग्रेट कहा है।
काम की बात करें सोनू सूद जल्द ही फिल्म किसान में नजर आएंगे। इस फिल्म को ई निवास डायरेक्ट करेंगे और राज शांडिल्य प्रड्यूस करेंगे।