47 के हुए मशहूर सिंगर सोनू निगम, चार साल की उम्र में पिता से मिला था गायकी का हुनर

7/30/2020 1:50:16 PM


मुबंई: सोनू निगम अपनी सिंगिंग से बॉलीवुड खास पहचान बना चुके है। सोनू निगम 30 जुलाई को अपना बर्थडे सेलिब्रेट करते हैं। आज सिंगर पूरे 47 साल के हो गए हैं। सोनू को गाते हुए 25 साल से ज्यादा का वक्त हो गया है। अपनी आवाज से लोगों को दीवाना बनाने वाले सोनू निगम आज बॉलीवुड के सबसे महंगे सिंगर्स में से एक है। आइए उनके जन्मदिन पर जानते है उनसे जुङी खास बातें-


सोनू निगम का रुझान बचपन से ही संगीत की ओर था। उनको यह हुनर पिता से मिला।चार साल की उम्र से सोनू निगम अपने पिता अगम निगम के साथ स्टेज शोज, पार्टियों और शादियों में गाना गाने लगे थे। सोनू के पिता भी अच्छे गायको में शुमार थे। सोनू निगम दिग्गज गायक मोहम्मद रफी से बहुत प्रभावित है। शुरुआती दिनों में वो रफी के गाने ही स्टेज पर गाया करते थे।


18 साल की उम्र में सोनू निगम के पिता अपने बेटे को लेकर मुंबई पहुंचे। जहां वो बॉलीवुड सिंगिंग करियर को आगे बढ़ाने में जुट गए। सोनू निगम ने उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान से संगीत सीखा। हालांकि मुंबई पहुंचने के बाद सोनू निगम का सफर इतना भी आसान नहीं था। पैसे कमाने के लिए वो लगातार स्टेज शोज करते रहे।


सिंगिंग रियलिटी शो 'सारेगामा' को होस्ट करके सोनू निगम को बड़ी पहचान मिली। 1995 में यह शो प्रसारित हुआ। इसी बीच वो टी सीरीज के मालिक गुलशन कुमार से मिले। गुलशन कुमार ने सोनू को फिल्म 'बेवफा सनम' में गाने का मौका दिया। फिल्म में उनका गाया गाना 'अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का' सुपरहिट रहा। इसके बाद सोनू निगम ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।


इसके बाद फिल्म 'मुकाबला', 'शबनम', 'आग', 'हलचल' से सोनू निगम को बॉलीवुड में पहचान मिली। 1997 में आई फिल्म 'बॉर्डर' में उनका गाया गाना 'संदेसे आते हैं' सुपरहिट हुआ था। यह वो गाना था जिसने उन्हें पूरे देश का चहेता बना दिया।


हिंदी के अलावा सोनू निगम ने अंग्रेजी, कन्नड़, बंगाली, उड़िया, पंजाबी, तमिल, मैथिली, भोजपुरी, नेपाली और मराठी भाषा में भी गाने गाए है। अपनी गायकी के लिए सोनू निगम को कई अवॉर्ड्स मिल चुके है। आईफा, फिल्मफेयर से लेकर एमटीवी, जीमा अवॉर्ड्स उनके नाम है। फिल्म 'कल हो ना हो' के टाइटल ट्रैक के लिए सोनू को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिल चुका है।

Smita Sharma