विदेशी हस्तियों के ट्वीट को प्रोपेगेंडा कहने वालों पर भड़कीं सोनाक्षी सिन्हा, कहा- ''वे इंसानों के लिए आवाज उठा रहे हैं''

2/5/2021 11:07:05 AM

मुंबई: भारत में चल रहे किसान आंदोलन की आग हर जगह फैल गई हैं। सिर्फ देश के ही नहीं विदेश के सेलेब्स भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। पिछले दिनों ही अमेरिकन सिंगर रिहाना, पूर्व पॉर्न स्टार मिया खलीफा और ग्रेटा थनबर्ग ने इस मामले में ट्वीट किया था, जो कि खूब वायरल हो रहे हैं। विदेशी सेलेब्स का किसान आंदोलन पर बोलना कुछ स्टार्स पसंद कर रहे हैं।

लेकिन कुछ ने उन्हें खरी-खोटी भी सुनाई। ऐसे में बाॅलीवुड एक्ट्रेस  सोनाक्षी सिन्हा ने भी अपनी राय रखी है।सोनाक्षी सिन्हा विदेशी हस्तियों के ट्वीट को प्रोपेगेंडा कहने वालों पर बुरी तरह भड़की।

सोनाक्षी सिन्हा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट को शेयर किया। पोस्ट में लिखा -'इससे पहले आप आज रात रिहाना और ग्रेटा या अन्य 'बाहरियों' के भारतीय के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने के बारे में सुनें, आपको यह बात जान लेने की जरूरत है। जाहिर है कि वे हमारे तीन कृषि बिलों और हमारे कृषि क्षेत्र की बारीकियों को नहीं जानते हैं। लेकिन चिंता सिर्फ इसी बात की नहीं है। आवाज उठाई गई है मानवाधिकार उल्लंघन को लेकर, फ्री इंटरनेट को दबाने को लेकर, अभिव्यक्ति की आजादी को लेकर, सरकार के प्रोपेगैंडा, हेट स्पीच और सत्ता के दुरुपयोग को लेकर।'

'जब समाचार और मीडिया के लोग आपको यह सोचने पर मजबूर करेंगे कि यह बाहरी ताकतें हैं जो हमारे देश का कार्यप्रणाली को संचालित करने की कोशिश कर रही है। आपको यह याद रखना चाहिए कि यह कोई एलियंस नहीं हैं बल्कि हमारी तरह ही इंसान हैं जो दूसरे इंसानों के लिए आवाज उठा रहे हैं। यह दो अलग-अलग बहसें हैं। आपके नीति, कानून और इनके क्रियान्वयन को लेकर अलग-अलग विचार हो सकते हैं। लेकिन इन मतभेदों को अन्य बहसों का हिस्सा न बनने दें जोकि मानवाधिकार और आजादी के बारे में हैं।'


'रिपोर्ट्स को डराया जा रहा है। इंटरनेट बैन हो रहा है। सरकार और मीडिया के प्रोपेगैंडा के जरिए प्रदर्शनकारियों की गलत छवि पेश की जा रही है। हेट स्पीच (देश के गद्दारों को, गोली मारो) का बढ़-चढ़कर इस्तेमाल हो रहा है। यही वह मसला है जो दुनिया भर में चर्चा में आ रहा है। दमनकारी हमेशा इसी तरह बातें करते हैं। घर पर हिंसा को 'घर की बात' कहते हैं। 'तुम कौन होते हो हमारे अंदर के मामलों में बोलने वाले। दमनकारी आजाद दिमाग लोगों से डरते हैं जो उन पर निर्भर नहीं होते हैं और सच बोलने की हिम्मत रखते हैं।'

 

सोनाक्षी द्वारा शेयर आखिरी पोस्ट में लिखा है- 'मैं एक बार फिर कहूंगी कि आज रात की खबरों में यह दिखाने की कोशिश की जाएगी कि बाहरी ताकतें देश में अशांति फैलाना चाहती हैं। प्लीज उन्हें यह नैरेटिव न बनाने दें। यह इंसानों के लिए इंसानों की आवाज बुलंद करने का मामला है। सिर्फ इतनी सी बात है। '

Content Writer

Smita Sharma