अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी का समर्थन करने वालों पर भड़की सोना महापात्रा, कहा-''सभी राजनीतिक बदले को हवा दे रहे हैं''

11/11/2020 9:38:53 AM

मुंबई: बाॅलीवुड सिंगर सोना मोहापात्रा के बयान हमेशा चर्चा में रहते हैं। मुद्दा बॉलीवुड का हो या फिर समाज का वह कभी भी अपनी राय रखने से पीछे नहीं हटती है।हाल ही में एक बार फिर सोना मोहापात्रा ने अपना बेबाक रवैया दिखाया।

उन्होंने अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी पर आपत्ति जताई और उन्हें जेल में रखने पर भी अपना एतराज जताया। इतना ही नहीं उन्होंने अर्नब गोस्वामी की रिहाई न करने की बात करने वालों पर अपना गुस्सा जाहिर किया है। 

सिंगर ने ट्वीट कर लिखा- 'वह सारे लोग जो अपने होठों से चटखारे लेते हुए अर्नब गोस्वामी को जमानत न मिलने और उन्हें ऐसे ही जेल में रखने का समर्थन कर रहे हैं, जहां आतंकवादी और अंडरवर्ल्ड के गुंडे बंद हैं, तो आप भी फासिस्टों से कम नहीं हैं। आप राजनीतिक बदले को हवा दे रहे हैं। यह बीमार मानसिकता है। दो गलत बातों को मिलाकर एक सही नहीं किया जा सकता।' सोना मोहापात्रा का यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है। उनके कई फैंस इस ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

आपको बता दें कि अर्नब गोस्वामी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रायगढ़ पुलिस ने मुंबई स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। इस मामले में अर्नब के अलावा दो अन्य आरोपियों फिरोज शेख और नीतीश सारदा को गिरफ्तार किया गया था। उन्हें न्यायालय से 14 दिन की न्यायिक हिरासत पर रखा गया। सोना मोहापात्रा के अलावा अशोक पंडित,कंगना रनौत समेत कई स्टार्स ने  अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तार को गलत बताया। 

Smita Sharma