शत्रुघ्न सिन्हा के संघर्ष को याद कर रो पड़े बेटे लव सिन्हा, कहा- पैसे बचाने के लिए भूखे रहते थे, मीलों पैदल चलकर जाते थे

8/7/2023 12:48:39 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. फिल्म स्टार्स की लाइफ देखने में जितनी आसान लगती है, उतनी होती नही है। इंडस्ट्री में नाम बनाने के लिए स्टार्स को खूब मेहनत करनी पड़ती है। खून-पसीना बहाना पड़ता है। कुछ ऐसे ही इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने के लिए बॉलीवुड के मशहूर एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा को भी स्ट्रगल करना पड़ा था। हाल ही एक्टर के बेटे लव सिन्हा ने अपने पापा के स्ट्रगल के दिनों पर बात की और उस दौर को याद कर रो भी पड़े। लव सिन्हा ने बताया कि पापा शत्रुघ्न सिन्हा आज जिस मुकाम पर हैं, वहां पहुंचने के लिए उन्हें बहुत मुश्किल भरे दिन देखने पड़े।

 

जल्द ही गदर 2 में नजर आने जा रहे लव सिन्हा ने फिल्म की प्रमोशन के दौरान शत्रुघ्न सिन्हा के स्ट्रगल के दिनों पर बात की और कहा, 'कई बार ऐसा भी होता था कि जब पापा को खाने और बस में सफर करने में से कोई एक चीज चुननी पड़ती थी। या तो वह मीटिंग के लिए बस से सफर करके जाएं या फिर खाना खा लें। कई बार पैसे बचाने के लिए पापा को मीलों पैदल चलकर जाना पड़ता था। और कई बार पैसे बचाने के लिए वह भूखे रह जाते थे।' यह बोलते हुए लव सिन्हा इमोशनल हो गए।


लव सिन्हा ने बताया कि उनके पापा ने फिल्मों में करियर बनाने के लिए घर छोड़ दिया था और पटना से मुंबई आ गए थे। हालांकि, उन्हें हमेशा डर रहता था कि अगर वह सफल नहीं हो पाए तो क्या करेंगे। परिवार को एक्टर से काफी उम्मीदें थीं और वह उन उम्मीदों को तोड़ना नहीं चाहते थे।

 

लव सिन्हा ने आगे कहा, 'जब पापा सफल हो गए, तो उन्होंने देखा कि हमारा छोटा सा घर भी लोगों से भरा रहता था और जब उनकी फिल्में चलना बंद हो गईं, तो साथ में कोई भी नहीं था। कोई भी घर पर नहीं आता था। मैंने पापा को गिरते और उठते हुए देखा है।'

वहीं, शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा के करियर की बात करें तो उन्होंने 2010 में फिल्म 'सदियां' से एक्टिंग में डेब्यू किया था। इसके बाद वह 'पल्टन' में नजर आए। वहीं, अब जल्द ही सनी देओल और अमीषा पटेल स्टारर गदर 2 में नजर आएंगे। यह फिल्म 11 अगस्त को पर्दे पर रिलीज हो रही है।

Content Writer

suman prajapati