एक्ट्रैस ने सिंगर पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप, दर्ज हुई FIR

8/3/2017 12:25:06 PM

मुंबई. सिंगर यश वडाली पर महिला ने छेड़खानी का आरोप लगाया है। बांगुर नगर पुलिस थाने में एक महिला (40) ने यश पर रिपोर्ट दर्ज करवाई है। आरोप है कि यश ने एक पार्टी में महिला के साथ मारपीट और गालीगलौज की। जिसके बाद उन्होंने ये एक्शन लिया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने यश के ऊपर मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। 

रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार रात यश अपने दोस्त के बर्थडे पार्टी में शामिल में पहुंचे थे। पार्टी अंधेरी के एक क्लब में चल रही थी जिसमें कई नामी हस्तियां मौजूद थी। उसी दौरान पार्टी में मौजूद महिला के साथ ये वाकया हुआ। 

पार्टी में महिला ने यश से गाना सुनने की इच्छा जताई थी। तभी उन्होंने महिला को ये कहकर मना कर दिया कि वो उनको नहीं जानते हैं और किसी को भी फ्री में गाना नहीं सुनाते है। 

 
ऐसे में महिला सिंगर वडाली पर गुस्सा हो बैठी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और धक्कामुक्की हो गई। पार्टी में मौजूद अन्य दोस्तों बीच बचाव कर दोनों को अलग किया।
 
महिला का आरोप है की यश ने उनके साथ बदसलूकी की और शरीर में यहां-वहां हाथ लगाया। साथ ही जब उन्होंने इसका विरोध करना चाहा तो नशे में धुत यश ने धमकी भी दी।

बता दें, 40 साल की शिकायतकर्ता महिला पेशे से एक्ट्रेस है। जिसकी शिकायत के बाद यश के ऊपर आईपीसी की धारा 354 और 504 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।