सिंगर फरमानी नाज का परिवार निकला लुटेरा, पुलिस के हत्था चढ़ा भाई, पिता और जीजा हैं फरार

11/8/2022 9:36:20 AM

मुंबई: सिंगिग रियालिटी शो 'इंडियन आइडल' और 'हर हर शंभू' गाने से फेमस हुईं सिंगर फरमानी नाज आए दिन किसी ना किसी बात को लेकर चर्चा में रहती हैं। एक बार फिर फरमानी नाज से जुड़ी खबर बी-टाउन गलियारों में छाईं हुईं है। खबर है कि उनका पूरा परिवार लुटेरा है। डकैती के आरोप में फरमानी के भाई अरमान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस गैंग में फरमानी के पिता और जीजा भी शामिल थे जो इस वक्त फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

एक हिन्दी वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक सिंगर फरमानी नाजके पिता आरिफ गैंग बनाकर सरिया लूटते थे। टेहरकी गांव में पानी की टंकी का निर्माण कार्य चल रहा था जिसके लिए करीब 25 कुंतल सरिया लाया गया था। बीते महीने 10 तारीख को आरिफ के गैंग ने गार्ड को बंधक बनाया और पूरा सरिया गाड़ी में भरकर भाग गए। इसे लेकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ तो पुलिस ने तलाश शुरू की और 8 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 200 किलो सरिया और लूट में इस्तेमाल की गई गाड़ी भी बरामद हो गई है।

बताया जा रहा है कि फरमानी नाज का भाई अरमान जोकि खुद सिंगर है वो इस गैंग का सरगना था। सिंगर के पिता आरिफ और जीजा इरशाद भी इस गिरोह का हिस्सा हैं और वो भी लूट की वारदात को अंजाम देते हैं।

फरमानी नाज यूपी के मुजफ्फरनगर जिले के खतौली विधानसभा क्षेत्र के एक गांव मोहम्मदपुर माफी गांव की रहने वाली हैं। उनकी शादी मेरठ के रहने वाले एक लड़के से हुई थी। एक साल बाद फरमानी ने बेटे को जन्म दिया था, लेकिन लगातार बीमार रहने पर जब डॉक्टर को दिखाया तब पता चला कि उसके दिल में छेद है और इलाज के लिए लाखों रुपए लगेंगे। इस मुश्किल समय में फरमानी के ससुरालवालों ने उन्हें प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। फिर वो मायके आकर रहने लगीं। वो मजदूरी करने लगीं लेकिन बचपन से ही उन्हें गाने का शौक था। गांव के ही एक शख्स ने उनके गानों को यूट्यूब पर अपलोड करना शुरू किया और धीरे-धीरे व्यूज बढ़ने लगे। फिर वो इंडियन आइडल में नजर आईं। इसके बाद फरमानी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। कई सिंगर्स के साथ गाना गाया।

 

'हर हर शंभू' गाने से फेमस होने के बाद फरमानी नाज ने अपना घर बनवा लिया और घर में ही स्टूडियो भी खोल लिया। सोशल मीडिया पर अपने गाने पोस्ट करती हैं, जो वायरल हो जाते हैं। हालांकि इसकी असली सिंगर सामने आई थी और फरमानी पर गाना चुराने का आरोप लगा था।

Content Writer

Smita Sharma