पंजाबी सिंगर दिलजान का सड़क हादसे में निधन, CM अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर दी श्रद्धांजलि

3/31/2021 8:42:01 AM

मुंबई: पंजाबी गायक दिलजान सिंह का मंगलवार सुबह करीब 2 बजे जंडियाला गुरु में एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। उन्होंने महज 31 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा। उनके निधन की खबर से पूरी पंजाबी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

इस जवान मौत की खबर पर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी ट्वीट कर शोक जताया है।

उन्होंने ट्वीट कर लिखा- 'आज सड़क हादसे में पंजाब के युवा सिंगर दिलजान के आकस्मिक निधन से स्तब्ध हूं। इस तरह की युवा जिंदगी को सड़क हादसे में खोना दुखद है। मेरी संवेदनाएं परिवार, दोस्त और फैन्स के साथ है। RIP।'

स्टार्स ने भी जताया शोक 

सुकशिंदर शिंदा सहित कई सेलेब्स ने शोक व्यक्त किया। सोशल मीडिया पर फेमस सिंगर के निधन की खबर आते ही उनके फैंस को काफी झटका लगा है। सुकशिंदर सिंह ने दिलजान की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- 'ये दुर्भाग्यपूर्ण समाचार सुबह-सुबह मिला। संगीत की दुनिया को नुकसान हुआ है। इस दुनिया से दिलजान की विदाई।'

 

 

खड़े ट्रक से टकराई कार

जंडियाला गुरु पुलिस स्टेशन के पुलिस अधिकारियों के मुताबित दिलजानअपने महिंद्रा केयूवी 100 वाहन में जालंधर से अमृतसर की ओर जा रहा था।जब वह जंडियाला के पास पहुंचे तो उनका वाहन सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गया। उन्हें पास के एक निजी हाॅस्पिटल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह दुर्घटना रात 2.30 बजे हुई।

बता दें कि टीवी कार्यक्रम सुरक्षेत्र में इंडिया और पाकिस्तान के बीच हुए गायकी मुकाबले में दिलजान विजयी रहे थे और यहीं से उन्हें पहचान मिली थी।  अपने छोटे से करियर में दिलजान ने कई मशहूर गाने गाए हैं. दिलजान ने आधा पिंड, यारां दी गल, शूं करके, हर पल, फर्स्ट लव, मेरा दिल, धरती, तेरे शहर जैसे गानों से लोगों का दिल जीता है। दिलजान अपने पीछे पत्नी और एक  बच्चे छोड़ गए हैं जो कनाडा में रहते हैं। 

Content Writer

Smita Sharma