नहीं रहे एक्टर शिव कुमार सुब्रमण्यम, दो महीने पहले बेटे ने ब्रेन ट्यूमर के चलते तोड़ा था दम

4/11/2022 9:46:47 AM

मुंबई. बॉलीवुड से हाल ही में एक बुरी खबर सामने आई है। एक्टर शिव कुमार सुब्रमण्यम ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। एक्टर के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। अभी तक शिव कुमार के निधन की वजह नहीं पता चल पाई है। जानकारी की अनुसार, सुब्रमण्यम का अंतिम संस्कार 11 अप्रैल को सुबह 11 बजे मोक्षधाम हिंदू श्मशान घाट में किया जाएगा।


इस खबर पर दुख जाहिर करते हुए बीना सरवर ने ट्वीट कर लिखा- 'बहुत ही दुखद खबर। बेटे जहान की मौत के ठीक दो महीने बाद ही उनका निधन हो गया। उनके बेटे जहान को ब्रेन ट्यूमर था। 16वें बर्थडे से पहले ही उसकी मौत हो गई।' बीना सरवर का ट्वीट खूब वायरल हो रहा है। फैंस एक्टर की मौत पर दुख जाहिर कर रहे हैं।


बता दें शिव कुमार आखिरी बार फिल्म 'मीनाक्षी सुंदरेश्वर' में नजर आए थे। एक्टर ने फिल्मों के साथ-साथ कई टीवी शोज में भी काम किया। एक्टर ने विधू विनोद चोपड़ा की फिल्म 'परिंदा' और सुधीर मिश्रा की फिल्म 'हजारों ख्वाहिशें ऐसी' का स्क्रीनप्ले लिखा था। इसके अलावा शिव कुमार ने '2 स्टेट्स', 'तीन पत्ती', 'प्रहार' और रानी मुखर्जी स्टारर 'हिचकी' जैसी फिल्मों में काम किया था। एक्टर शो 'मुक्ति बंधन' में भी नजर आए था।

Content Writer

Parminder Kaur